
RBI ने शुक्रवार को एक नोटिफिकेशन में कहा कि 100 रुपए के नए नोट महात्मा गांधी सीरीज के 2005 के नोटों की तरह होंगे। इसमें महात्मा गांधी का फोटो होगा। दोनों नंबर पैनल पर R इनसेट लेटर दर्ज होगा। नोट पर आरबीआई गवर्नर उर्जित पटेल के दस्तखत होंगे। नोट के पिछले हिस्से पर प्रिटिंग ईयर के तौर पर 2017 दर्ज होगा। आरबीआई ने साफ किया है कि बैंक की तरफ से पहले जारी हुए 100 रुपए के नोट लीगल टेंडर बने रहेंगे। उनके इस्तेमाल पर कोई रोक नहीं रहेगी।
500 रुपए के नए नोट का साइज 66mm x 150mm है। नोट के पीछे लाल किले की तस्वीर है। नोट पर गवर्नर उर्जित पटेल के हस्ताक्षर हैं। नोट के पीछे 'स्वच्छ भारत अभियान' का लोगो है। 2000 रुपए का नोट गुलाबी रंग का है। इसमें पीछे की ओर 'मंगलयान' की तस्वीर है। यह तस्वीर देश की तरक्की व उपलब्धि को बयां करेगी। बता दें कि 2000 के नोट की तस्वीर कुछ दिनों पहले लीक हुई थी, जो ट्विटर पर खूब वायरल भी रही थी। 2000 के नोट का आकार 66mm x 166mm है। यह 500 के नोट से लंबाई में मात्र 16mm बड़ा है।
तथ्यों के मुताबिक, 1938 में आरबीआई 10,000 का नोट छापती थी, जो बाद में 1946 में बंद कर दिया गया। आरबीआई ने दोबारा 1954 में 10,000 का नोट छापना शुरू किया और इसे 1978 में दोबारा बंद कर दिया गया। अब सरकार 5000 का नोट छापने की योजना बना रही है। बता दें कि बड़े नोटों से तात्पर्य बढ़ती महंगाई की संभावनाओं से लगाया जाता है। जिस देश में जितनी ज्यादा महंगाई होती है, उस देश में उतना ही बड़ा नोट प्रचलन में लाया जाता है।