भोपाल। सीएम की पत्नि श्रीमती साधना सिंह के खिलाफ हल्ला बोलने वाले दिग्विजय सिंह पर जवाबी हमले की तैयारियां की जा रहीं हैं। सीएम ने आज अपने पसंदीदा मंत्रियों से मुलाकात कर हमले की रणनीति बनाई, तय किया गया कि दिग्विजय सिंह को उन्हीं के तरीके से जवाब दिया जाएगा।
बजट सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर शाम मंत्रालय में अपने कोर ग्रुप के मंत्रियों को बुलाकर आगामी रणनीति पर विचार विमर्श किया। ऐसा माना जा रहा है कि व्यापमं मामले पर सरकार ने कांग्रेस पर पलटवार करने की रणनीति बनाई है। बैठक में राज्यपाल की रवानगी एवं विधानसभा में व्यापमं मुद्दे पर हुई फजीहत से उबरने के लिए नई कार्ययोजना पर काम शुरू किया गया।
शिवराज कैबिनेट के दिग्गज मंत्री जयंत मलैया, उमाशंकर गुप्ता, भूपेन्द्र सिंह, राजेन्द्र शुक्ला, नरोत्तम मिश्रा एवं रामपाल सिंह से पहले मुख्यमंत्री ने वन-टू-वन चर्चा की साथ ही मौजूदा घटनाक्रम को लेकर फीडबैक भी लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने इन सभी मंत्रियों से सामूहिक बैठक कर व्यापमं मुद्दे पर सरकार के आक्रमण की रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान कुछ मंत्रियों ने कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह द्वारा किए गए व्यक्तिगत हमले को लेकर भी आक्रोश जताया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उन्हीं के अंदाज में जवाब देना होगा। इस पर मुख्यमंत्री ने भी सहमति जताई। ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सरकार भी व्यापमं मामले पर कांग्रेस पर नए ढंग से आक्रमक रूख अपनाएगी। बजट सत्र अवसान के नफे नुकसान को लेकर भी मंत्रियों ने अपने सुझाव रखे, साथ ही यह भी कहा कि जनता के बीच इस मुद्दे पर सही ढंग से अपना पक्ष भी रखा जाए।