मुरैना। कांग्रेस राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मुरैना की चुनावी सभा में प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भ्रष्टाचार में वर्ल्ड चैंपियन है। प्रदेश सरकार को माफिया चलाता है। भाजपा के गुजरात मॉडल के नेता भ्रष्टाचार मिटाने की बात करते हैं, लेकिन कर्नाटक में जाकर वे उन्हीं पूर्व मुख्यमंत्री के गले में हाथ डालकर मिलते हैं, जो भ्रष्टाचार के मामले में जेल जा चुके हैं।
एक घंटा देरी से मुरैना स्टेडियम पहुंचे राहुल गांधी ने 23 मिनट तक चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने को लेकर कहा कि मुरैना में औद्योगिक कॉरिडोर बनाया जाएगा। हमने 6 महीने अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर सभी वर्गों के लोगों से मिलकर घोषणा पत्र तैयार किया है, लेकिन भाजपा ने हमारे घोषणा पत्र की कापी कर ली है। हम लोगों को स्वास्थ्य का अधिकार दे रहे है, यही बात भाजपा कह रही हैं। इसमें नया क्या है। भाजपा ने सेना में वन रैंक वन वेतन की घोषणा की है। यह हम कर चुके हैं। हम हर व्यक्ति को छत देने की गारंटी की बात कर रहे हैं, वे मकान बनाने की बात कर रहे हैं। भाजपा ने घोषणापत्र में कुछ नया नहीं किया है।
पहले इंडिया शाइन का गुब्बारा फूटा था अब गुजरात मॉडल का गुब्बारा फूटेगा
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा ने 2004 में इंडिया शाइन का गुब्बारा छोड़ा था, जो फूट गया और केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनी थी। अब भाजपा ने गुजरात मॉडल का गुब्बारा छोड़ा है, जो अब फूटने वाला है। इसके बाद फिर से केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी। अंतर इतना है कि पहले वाले गुब्बारे में हवा भरी गई थी और इस बार गुब्बारे में गैस भरी गई है। इसलिए यह अभी ऊंचा जा रहा है।
विपक्ष की सोच और हमारी सोच में अंतर
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष की सोच और हमारी सोच में अंतर है। वे उनकी सोच यह है कि कुछ उद्योगपति आगे बढ़ गए तो देश का विकास हो गया। बेशक गरीब पीछे रह जाएं। हमारी सोच है कि उद्योगपति भी आगे बढ़ें और देश के गरीब व आमजन भी आगे बढ़ें।
आप बड़े हैं, आपके अशीर्वाद दीजिए
राहुल गांधी ने संबोधन के अंत में जब मौजूद लोगों से डॉ. गोविंद सिंह को जिताने की अपील की तो डॉ. गोविंद सिंह ने राहुल गांधी से कहा कि आप आशीर्वाद दीजिए। तब राहुल गांधी ने कहा कि मैं आशीर्वाद नहीं दूंगा, आप बड़े हो आपके आशीर्वाद की मुझे जरूरत है। इसलिए मेरे सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दें। इसके बाद डॉ. गोविंद सिंह ने राहुल गांधी के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।