भोपाल। ओला प्रभावित किसानों को उनका हक दिलाने और व्यापमं घोटाले की सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
जवाहर भवन में इकट्ठा हुए सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिल जाता, हमारा संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस के विधानसभा घेराव के मद्देनजर प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। राजधानी के महत्वपूर्ण चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
जवाहर भवन में प्रार्थना सभा एवं नेताओं के संबोधन के बाद सभी कांग्रेस कार्यकर्ता अरुण यादव व सत्यदेव कटारे के नेतृत्व में विधानसभा घेराव के लिए रवाना हुए। रोशनपुरा चौराहे के पास लगे बैरिकेड्स के पास खड़े हो कर कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने।
बैरिकेड्स पर चढ़ गए अरुण यादव
विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ते कांग्रेसियों को रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें की, तभी अरुण यादव बैरिकेड्स पर चढ़ गए। पुलिस ने किसी तरह उन्हें बैरिकेड्स से उतारा और वापस लौटने को कहा। कांग्रेसियों को उग्र होता देख पुलिस ने बल प्रयोग करने की घोषणा की, इसके बाद भी कांग्रेसी आगे बढ़ते रहे। कार्यकर्ताओं को विधानसभा की ओर बढऩे से रोकने के पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
लाठीचार्ज, कई कांग्रेसी घायल
पानी की बौछारों और लाठीचार्ज से कांग्रेस के कार्यकर्ता घायल भी हुए, तभी अरुण यादव ने गिरफ्तारी की घोषणा की। पुलिस ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। उधर कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने रैली में करीब दो हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही। इनके साथ ही सैकड़ों की संख्या में किसान भी अपने हक के लिए कांग्रेसियों के साथ विधानसभा घेराव के लिए निकले थे।