भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री अरूण यादव के आव्हान पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी बंद ऐतिहासिक रहा। उक्त जानकारी देते हुए मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे ने बताया कि जिस प्रकार मध्यप्रदेश की जनता ने व्यावसायिक परीक्षा मंडल के भीषणतम भ्रष्टाचार के खिलाफ बंद को अभूतपूर्व समर्थन दिया है, उससे यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि व्यापमं के घोटाले से प्रदेश की जनता किस हद तक आहत है।
मध्यप्रदेश सरकार ने व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) को उच्च व्यावसायिक पाठ्यक्रम के साथ चयन एवं भर्ती परीक्षाएं संचालित करने की जिम्मेदारी सौंपी थी, किंतु भाजपा राज में प्रदेश की सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूब गई। राज्य सरकार द्वारा पिछले 10 वर्षाें से व्यापमं द्वारा आयोजित हो रहीं ऐसी कोई भी परीक्षाएं नहीं बची, जिसमें मेडिकल, इंजीनियरिंग, एमसीए, वन रक्षक, टूरिज्म बैकलाॅग, पुलिस कांटेबल, डाटा एंट्री आपरेटर, डिप्लोमा इन एनिमल हसवेंड्री, जेल विभाग, पीएटी, पुलिस विभाग में एलडीसी एवं स्टेनोग्राफर, नर्स भर्ती, ग्राम उद्यान विस्तार अधिकारी, आयुष विभाग, लगभग 24 विभागों की परीक्षाओं में व्यापमं के तहत भ्रष्टाचार किया गया। नौकरियों में भर्ती के इस गौरखधंधे का नतीजा यह हुआ कि व्यापमं के अब तक के सबसे बड़े महाघोटाले के कारण एक करोड़ चार लाख से अधिक युवा पात्र बेरोजगारों का भविष्य अंधकार में डूब गया और एक करोड़ से अधिक परिवारों का सुख-चैन भी छिन गया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद अरूण यादव एवं नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे ने कहा कि देश के सबसे बड़े इस व्यापमं महाघोटाले को लेकर कांगे्रस पार्टी पिछले कई महीनों से सीबीआई जांच कराने की मांग कर रही है, लेकिन इस घोटाले में राज्य सरकार के बड़े अधिकारियों, मंत्रियों एवं भाजपा नेताओं की संलिप्ता के कारण मुख्य मंत्री शिवराजसिंह चैहान इस व्यापमं महाघोटाले की सीबीआई जांच के आदेश जारी नहीं कर रहे हैं। उनका यह अडियल रवैया प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ है।
प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष ने इस व्यापमं महाघोटाले को लेकर आज के सफल बंद को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रदेश की जनता खासकर युवा वर्ग को यह बात अब साफ दिखाई देने लगी है कि प्रदेश की भाजपा सरकार छली-कपटी और धोखेबाज सरकार है जो केवल युवाओं, महिलाओं, किसानों, बेरोजगारों एवं प्रदेश की भोली-भाली जनता के साथ धोखा और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, लेकिन मुख्य मंत्री सीबीआई जांच नहीं कराने के लिए अपना अडि़यल रवैया अपनाए हुए हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव एवं विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे ने मुख्य मंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा व्यापमं महाघोटाले की सीबीआई जांच न कराने के अडि़यल रवैये की निंदा करते हुए 01 मार्च को कांग्रेस द्वारा बंद का आव्हान किया था जो पूर्णतः सफल और प्रभावशाली रहा। बंद को सफल बनाने में व्यापमं महाघोटाले से प्रभावित युवाओं, बेरोजगारों तथा उनके परिजनों ने पूरा सहयोग किया और राज्य सरकार से सीबीआई जांच की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कंट्रोल रूम को प्रदेश के सभी जिलों से जनता द्वारा स्वेछिक बंद की जानकारियां जिला कांग्रेस अध्यक्षों द्वारा दी जाती रहीं। प्रदेश के सभी जिलों में बंद शांतिपूर्ण रहा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष ने बंद को प्रभावी सफल बनाने के लिए प्रदेश की जनता, व्यापमं महाघोटाले में प्रभावित युवाओं, बेरोजगारों एवं प्रदेश के लाखों कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया और यह संकल्प लिया कि जब तक व्यापमं घोटाले से प्रभावित युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा प्रदेश कांगे्रस उनके हक के लिए यह लड़ाई निरंतर जारी रखेगी।
कांग्रेस के बंद को सफल बनाने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव के निर्देश पर भोपाल में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने पूरे जोश के साथ अपनी सहभागिता का निर्वहन किया। कांग्रेस के मोर्चा संगठन महिला कांग्रेस, भाराछासं, युवा कांग्रेस एवं सेवादल के साथीगण बंद को सफल बनाने के लिए भारी संख्या में शामिल हुए।