आशा भाभी की होगी बायपास सर्जरी

shailendra gupta
इंदौर। राज्य के वाणिज्य एव उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की पत्नी श्रीमती आशा विजयवर्गीय की शनिवार को एंजियोग्राफी हुई, जिसमें 3 ब्लॉकेज निकले हैं। बाम्बे हास्पिटल मुंबई के डॉ. अनिरुद्ध त्रिवेदी ने एंजियोग्राफी की। अब आशाभाभी की बायपास सर्जरी होगी। 

गौरतलब है कि श्रीमती आशा विजयवर्गीय को शुक्रवार दोपहर हार्ट अटैक आने पर बाम्बे हास्पिटल में दाखिल कराया गया था। आशा भाभी के हालचाल जानने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह भी कल तुरंत इंदौर पहुंचे थे। उन्होंने बाम्बे हास्पिटल पहुंचकर उनके शीघ्र स्वास्थ्यलाभ की कामना की। अभी यह पता नहीं चला है कि आशा भाभी की बायपास सर्जरी कब होगी।


सब महाकाल की कृपा है: विजयवर्गीय



इंदौर। सांस की तकलीफ के चलते गंभीर हालत में बॉम्बे हॉस्पिटल में दाखिल की गईं श्रीमती आशा विजयवर्गीय को मिले जीवनदान पर उद्योगमंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि यह सब महाकाल की कृपा से ही संभव हुआ है। हृदय की धडक़न रुक जाने के बाद वापस लौट आना किसी ईश्वर के चमत्कार से कम नहीं है।  उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की दवा के साथ लाखों चाहने वालों की दुआओं ने यह चमत्कार कर दिखाया है।


मैं अपने चाहने वालों के एहसान के तले दब गया हूं, जिनकी प्रार्थना ने मेरे परिवार को एक बड़े संकट से बचा लिया। कल सुबह अस्पताल ले जाते समय  हॉस्पिटल की लिफ्ट में उनका शरीर निस्तेज हो गया था। डॉक्टर भी घबरा गए थे, मगर लगातार प्रयास के चलते उनकी हृदयगति पुन: लौट आई, जो थम गई थी। जानकारी मिलते ही पूरे प्रदेश से उनके चाहने वाले अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिनमें नेता, पत्रकार, अधिकारी, संत-महात्मा और धर्मगुरुओं के साथ ही शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के हृदय चिकित्सक भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।

सबने अपने-अपने ढंग से परामर्श दिए। दोपहर होते-होते मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, श्रीमती साधनासिंह, मुख्य सचिव आर. परशुराम, वित्तमंत्री राघवजी भाई भी इंदौर आ गए। वहीं शाम होते-होते विजयवर्गीय की आध्यात्मिक गुरु मां कनकेश्वरीदेवी, भय्यू महाराज भी अस्पताल पहुंचे। श्रीमती विजयवर्गीय की हालत में आज और सुधार आया है। सुबह उनकी सफलतापूर्वक एंजियोग्राफी किए जाने के उपरांत डॉक्टरों द्वारा हालत में पूर्ण सुधार के पश्चात बायपास किए जाने का भी निर्णय लिया गया।  


इलाज के लिए मुख्यमंत्री ने दिल्ली-मुंबई एक कर दिए


इंदौर। कल सुबह उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की पत्नी को सांस की तकलीफ के चलते गंभीर हालत में बॉम्बे हॉस्पिटल में दाखिल किए जाने के बाद सपत्नीक पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने दिल्ली के वेदांता अस्पताल से लेकर मुंबई के एशियन हार्ट हॉस्पिटल तक के डॉक्टरों से चर्चा कर ई-मेल से रिपोर्टें भिजवाईं एवं उनकी राय लेकर अगली चिकित्सा व्यवस्था के निर्देश दिए।  


मुख्यमंत्री चले गए, साधनासिंह रुकी रहीं 


इंदौर। उद्योग मंत्री की पत्नी के हालचाल जानने राजकीय विमान से आए मुख्यमंत्री करीब दो घंटे तक बॉम्बे हॉस्पिटल में रुकने के पश्चात वापस लौट गए, लेकिन  उनकी पत्नी साधनासिंह शाम तक वहीं रुकी रहीं एवं नियमित विमान से वापस लौटीं। आशा विजयवर्गीय एवं कोकिलाबेन (मुख्यमंत्री की पत्नी) की खास दोस्ती रही है। इसी के चलते वे उनकी हालत देखकर काफी विचलित रहीं एवं डॉक्टरों द्वारा आश्वस्त किए जाने के बाद ही वापस लौटीं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!