दिव्यांग व्यक्तियों को सरकारी नौकरी के लिए 3566 पद अधिसूचित, 593 नए पद जोड़े - NATIONAL NEWS

3566 posts notified for disabled persons in government jobs

नई दिल्ली। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने 4 जनवरी, 2021 को केंद्र सरकार के प्रतिष्ठानों में 3566 पदों को अधिसूचित किया, जो दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत बेंचमार्क दिव्यांगता (40% या इससे अधिक  दिव्यांगता) के लिए उपयुक्त हैं। इनमें ग्रुप ए के 1046; ग्रुप बी के 515; ग्रुप सी के 1724 और ग्रुप डी के 281 पद शामिल हैं। 

दिव्यांग व्यक्तियों की नई श्रेणियों, जैसे बौनापन, एसिड अटैक पीड़ितों, मांसपेशी विकार, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर, बौद्धिक दिव्यांगता, ज्ञान प्राप्ति में कुछ ख़ास सीखने संबंधी दिव्यांगता, मानसिक बीमारी और अन्य प्रकार की दिव्यांगता के लिए भी उपयुक्त पदों की पहचान की गई है। यह सूची संपूर्ण नहीं है और केंद्रीय मंत्रालय/विभाग/स्वायत्त निकाय और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम अतिरिक्त सूची जारी कर सकते हैं। यह अधिसूचना सरकारी प्रतिष्ठानों में दिव्यांगजनों के रोजगार के अवसरों का विस्तार करेगी।

दिव्यांगजनों के लिए उपयुक्त 2973 पदों की एक सूची, दिव्यांग व्यक्ति (समान अवसर, अधिकारों का संरक्षण और पूर्ण भागीदारी) अधिनियम, 1995 के तहत पिछली बार 29 जुलाई, 2013 को अधिसूचित की गई थी। यह अधिनियम अब वापस ले लिया गया है। पहले की अधिसूचित सूची की तुलना में 593 नए पद जोड़े गए हैं।

केंद्र सरकार द्वारा 04 जनवरी, 2021 को अधिसूचित पदों की सूची, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के सचिव की अध्यक्षता में गठित एक विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों पर आधारित है। समिति में विशेषज्ञ, दिव्यांगजन और विभिन्न दिव्यांगजन संघों के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। सूची का विवरण विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिसूचना

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !