कोहरे में हुए संक्रांति स्नान, सूर्य देव उत्तरायण हुए परंतु दर्शन नहीं दिए | MP NEWS

भोपाल। देव लोक के स्वामी भगवान सूर्य ने मकर राशि में प्रवेश कर लिया। आज से सूर्य उत्तरायण हो गए। मकर संक्रांति के अवसर पर अक्सर सूर्यदेव के दर्शन हो जाते हैं। कम से कम आसमान साफ तो हो ही जाता है परंतु आज कोहरे में ही संक्रांति के स्नान हुए। सूर्य देव उत्तरायण तो हो गए परंतु दिन भर दर्शन नहीं दिए। हवा में नमी लगातार बनी हुई है। यह हाल लगभग पूरे मध्यप्रदेश में रहा। जबकि 1 दिन पहले 14 जनवरी को मौसम साफ हो गया था।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण घना कोहरा छाया

मकर संक्रांति के अवसर पर आज राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा रहा। भोपाल में कोहरा इतना घना था कि विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम रह गयी थी। कई इलाके पूरी तरीके से कोहरे में डूबे नजर आए। पश्चिमी विक्षोभ के कारण भोपाल समेत प्रदेश के कई इलाकों में घने कोहरे का असर दिखाई दिया।

सूर्य देव का इंतज़ार

मकर सक्रांति सूर्य की आराधना का पर्व है लेकिन कोहरे के कारण सूर्य देव नज़र ही नहीं आए। सूर्य की आराधना के लिए लोगों को सूर्य देव के दर्शन का इंतजार करना पड़ा। मंगलवार को भोपाल में हुई बारिश के बाद बुधवार की सुबह पूरी तरीके से कोहरे में लिपटी हुई नजर आई। 

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विभाग का पूर्वानुमान भी कोहरे और बारिश का ऐलान कर रहा है। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश के आसार हैं। भोपाल सहित ग्वालियर, गुना, अशोकनगर, खंडवा, खरगोन, धार, इंदौर, उज्जैन, और देवास में बारिश की संभावना जताई गई है। भोपाल ग्वालियर सागर संभाग के कई जिले में आज कोहरे का असर रहा। 

कोहरे को चीर कर बड़ी संख्या में लोगों ने स्नान किया

होशंगाबाद में भगवान सूर्य के उत्तरायण में आने का पर्व मकर संक्रांति धूमधाम से मनाया जा रहा है। मां नर्मदा की नगरी होशंगाबाद में बड़ी संख्या में नर्मदा घाटों पर स्नान के लिए श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर पुलिस तैनात की गयी है। रेलवे ने 6 अतिरिक्त ट्रेनें चलायी हैं।

सीहोर में मौसम का सबसे घना कोहरा

मकर संक्रांति के दिन सीहोर सुबह से भारी कोहरे की चादर ओढ़े रहा। लोग सूर्य का इंतजार करते रहे। भारी कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। ये इस मौसम का अब तक का सबसे घना कोहरा रहा।

अशोकनगर में सुबह 11:00 बजे तक कोहरा छाया रहा

मौसम ने यहां एक बार फिर से करवट ली। कुछ दिन की राहत के बाद एक बार फिर सर्द हवाओं ने जोर पकड़ लिया है। पूरा ज़िला कोहरे और शीत लहर की चपेट में है। यहां मामूली बूंदाबांदी भी हुई। सुबह 11 बजे तक कोहरा छाया रहा।

शिवपुरी में बारिश, ठंड के कारण गलन

शिवपुरी में आज अचानक झमाझम बारिश होने लगी। बारिश ने मौसम का मिजाज़ बिगाड़ दिया। ठंड के साथ गलन होने लगी।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !