60 करोड़ के हेलीकॉप्टर की डील करके सीएम बोले, मप्र अब नई उड़ान भरेगा

भोपाल। 2 लाख करोड़ के कर्ज में डूबे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर ऐलान किया कि अब मध्यप्रदेश नई उड़ान भरेगा। इस अवसर पर उन्होंने एक विशेष ब्लॉग लिखा। बता दें कि गुरूवार को हुई कैबिनेट की मीटिंग में सीएम कमलनाथ ने अपने लिए 60 करोड़ के हेलीकॉप्टर को मंजूर किया है। 

आज मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस है। मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम कमलनाथ का ये एमपी में पहला साल है। इस मौके पर सीएम ने ब्लॉग लिखा है, जिसमें उन्होंने मध्य प्रदेश के बारे मेंअपनी भावनाएं ज़ाहिर की हैं। उन्होंने लिखा है-यह लोगों की सरकार है। जवाबदेह शासन के साथ लोगों के सहयोग से हम मध्य प्रदेश को हर क्षेत्र में मजबूत बनाएंगे। मध्यप्रदेश अब नई उड़ान भरेगा. यह हमारा संकल्प है।

ये एक ऐतिहासिक अवसर

सीएम कमलनाथ ने ब्लॉग के जरिए मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने लिखा कि हम सबके लिए यह एक ऐतिहासिक अवसर है। मैं उन सभी बंधुओं को भी हार्दिक बधाई देता हूं जो विदेशों में बस गए हैं और अपने प्रदेश की खूबसूरत वादियों और सुनहरे पलों को याद करते हैं। मैं उन सबको भी नमन करता हूं, जिन्होंने मध्यप्रदेश के निर्माण में अपूर्व योगदान दिया है और उत्साहपूर्वक राज्य के नवनिर्माण में जुटे हुए हैं। मध्यप्रदेश एक लंबा सफर तय कर चुका है। यह एक शानदार राज्य है। सिर्फ इसलिए नहीं कि यहां शांतिपूर्ण सांस्कृतिक विविधता है, मोहक जैव-विविधता, प्राकृतिक सौंदर्य है या लुभावने स्मारक हैं। बल्कि इसलिए कि यह अपने शांतिप्रिय और मेहनती लोगों के कारण अद्वितीय है। सर्वधर्म समभाव मध्यप्रदेश की पहचान है।

एमपी का सौंदर्य

सीएम कमलनाथ ने आगे लिखा- निस्संदेह, मध्य प्रदेश का सौंदर्य सबको सम्मोहित कर देता है। नर्मदा नदी का निर्मल प्रवाह, स्वतंत्र विचरण करते टाइगर, कान्हा नेशनल पार्क की अद्भुत सुंदरता, पत्थरों पर अंकित कविता खजुराहो, अद्भुत महेश्वरी और चंदेरी साड़ी, सांस्कृतिक विविधता और भी बहुत कुछ है यहां। छह दशकों की यात्रा के बाद हम बेहतर भविष्य के लिए नई रणनीति तैयार कर रहे हैं।

ये क्यों नहीं हो सकता

सीएम कमलनाथ ने लिखा-मैं समझता हूं कि हमने भविष्य की रणनीतियों पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय बातों में अपना कीमती समय और ऊर्जा खर्च की। मध्यप्रदेश आगे क्यों नहीं बढ़ सकता जब यहां के लोग मेहनती हैं? हम हर क्षेत्र में उत्कृष्ट बन सकते हैं। हमारे विश्वविद्यालय उत्कृष्टता हासिल कर सकते हैं। हमारा पर्यटन तेजी से पनप सकता है। औद्योगिक विकास में हम नया मुकाम हासिल कर सकते हैं। हमारे उत्साही और प्रतिभाशाली युवा चमत्कार कर सकते हैं। हमारे किसान अपने कौशल से कमाल कर सकते हैं। हमें उनके लिए नए रास्ते बनाने होंगे। लोग अपने आत्म-विश्वास ,अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और ज्ञान से आश्चर्यजनक परिवर्तन ला सकते हैं।

मध्य प्रदेश को उत्कृष्ट कार्य-योजना चाहिए

मध्य प्रदेश को एक शांतिपूर्ण राज्य बनाने का श्रेय यहां के नागरिकों को जाता है। मध्य प्रदेश को एक उत्कृष्ट कार्य-योजना चाहिए। मौजूदा बुनियादी ढांचे का उपयोग करते हुए मानव और प्राकृतिक संसाधनों के उत्कृष्ट प्रबंधन की ज़रूरत है। प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी यहां की युवा प्रतिभाएं हैं। उन्हें अवसर की आवश्यकता है। यह हमारा कर्त्तव्य है कि हम उनके लिए अवसर पैदा करें। मध्य प्रदेश को आगे ले जाने में हर नागरिक की समान जिम्मेदारी है। हमने लोक विवेक का आदर किया है। अपनी नीतियों और निर्णयों में लोगों की अपेक्षाओं का ध्यान रखा है। आज मध्य प्रदेश नए क्षितिज में उड़ान भरने के लिए तैयार है।
भोपाल समाचार से जुड़िए
कृपया गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें यहां क्लिक करें
टेलीग्राम चैनल सब्सक्राइब करने के लिए यहां क्लिक करें
व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए  यहां क्लिक करें
X-ट्विटर पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
फेसबुक पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें
समाचार भेजें editorbhopalsamachar@gmail.com
जिलों में ब्यूरो/संवाददाता के लिए व्हाट्सएप करें 91652 24289

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!