
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव आज सुबह जिला कांग्रेस के रोशनपुरा स्थित कांग्रेस भवन पहुंचे। यहां मंगलवार को कांग्रेस द्वारा सिंहस्थ के आयोजन में हुए विभिन्न भ्रष्टाचारों के आरोपों का फ्लेक्स लगाया था। कांग्रेस भवन पर लगाए गए इस प्रचार फ्लेक्स को नगर निगम के अमले ने मंगलवार को जप्त कर लिया था लेकिन कांग्रेस नेता और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष मो. सगीर ने इस फ्लेक्स को अमले से ले लिया था। इस पर बाद में नगर निगम ने जहांगीराबाद थाने में सगीर के खिलाफ शिकायत की थी।
नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ आज सुबह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने रोशनपुरा स्थित जिला कांग्रेस भवन के सामने धरना शुरू किया। इसके बाद वे टीटीनगर थाने में नगर निगम के अमले के खिलाफ उनके भवन में घुसकर उनकी संपत्ति को जप्त करने के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे। यहां पुलिस अफसरों ने उनकी शिकायत लेकर जांच कराने का आश्वासन दिया। धरने और टीटीनगर थाने के घेराव में यादव के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष मो. सगीर, पार्षद अमित शर्मा व योगेंद्र सिंह चौहान, मनोज शुक्ला, मांडवी चौहान सहित कई नेता पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से तुरंत एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अड़े। काफी समय तक दोनों पक्षों के बीच बहस हुई।