रायपुर। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य सरकार के कर्मचारियों को छह प्रतिशत महंगाई भत्ते की एक अतिरिक्त किस्त की घोषणा की। मुख्यमंत्री के अनुमोदन से वित्त विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
इस महंगाई भत्ते को मिलाकर छत्तीसगढ़ सरकार के कर्मचारियों का डीए बढ़कर 125 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता एक जनवरी, 2016 से लागू माना जाएगा। इसके पहले राज्य कर्मचारियों को 1 जुलाई, 2015 से कुल 119 प्रतिशत पुनरीक्षित महंगाई भत्ते की मंजूरी दी गई थी।
शनिवार को जारी आदेश में इसे और पुनरीक्षित करते हुए बढ़ाकर 125 प्रतिशत कर दिया गया है। वित्त विभाग ने अध्यक्ष राजस्व मंडल सहित शासन के समस्त विभागों, विभागाध्यक्षों, संभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों को स्वीकृत महंगाई भत्ते का आदेश परिपत्र के रूप में जारी कर दिया गया है। यह आदेश कार्यभारित तथा आकस्मिकता निधि से पाने वाले कर्मचारियों सहित विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीजी) और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) सेवा के कर्मचारियों पर भी लागू होगा।
