भिंड। सीएम साहब! ओला-बारिश से हमारे खेतों की पूरी फसल बर्बाद हो गई। घर में एक भी दाना खाने के लिए नहीं है, बेटी का ब्याह कैसे करूंगी। यह कहते हुए सुहांस गांव की गुलाबो की आंखों में आंसू भर आए। दुखी महिला को देख मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आश्वासन दिया कि आप लोग बिटिया की शादी की चिंता मत करो, शादी की व्यवस्था हम करेंगे। इस दौरान एक विकलांग लड़की को 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी सीएम ने दी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को हेलिकॉप्टर से सुहांस गांव पहुंचे। इस अवसर पर सांसद भागीरथ प्रसाद, भिंड विधायक नरेंद्र कुशवाह, मेहगांव विधायक मुकेश चौधरी सहित अन्य नेतागण भी मौजूद थे।
गांव में खुलेगा हाईस्कूल, बनेगा तालाब
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुहांस गांव के पुराने तालाब को बनाने व हाईस्कूल खोलने की घोषणा की।
किसान को सीने से लगाकर कहा, सरकार करेगी भरपाई
मुख्यमंत्री लक्ष्मण सिंह के खेत पर पहुंचे, तो उन्होंने प्रभारी मंत्री माया सिंह से कहा कि फसल कटने लायक नहीं है। बाली गायब हो चुकी है। उसके बाद उन्होंने सांसद से कहा कि और भी खेतों का निरीक्षण करना है, तो सांसद बोले कि सुहास, सुनारी, चंदोखर के लहरूपुरा और एनों के अडूपुरा के किसानों की फसलें 100 फीसदी नष्ट हो चुकी है। किसान जगराम, लक्ष्मण सिंह, जगत सिंह के खेतों में खड़ी फसलों को सौ फीसदी नुकसान हुआ है।
हाथों में तख्ती लेकर पहुंचे छात्र
कलेक्टर मधुकर आग्नेय हेलिपेड पर बैठकर सीएम शिवराज सिंह का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान सुहांस गांव के बच्चे और ग्रामीण सभास्थल पर तख्ती और बर्बाद फसल के मुआवजा के मांग को लेकर पहुंच गए। कलेक्टर मधुकर आग्नेय ने जब छात्रों के हाथ में तख्ती देखी, तो उन्होंने एडीएम पीके श्रीवास्तव से कहा कि वह किसानों और छात्रों को रोके।
सुहांस गांव के किसान अरविंद तोमर ने एडीएम से कहा कि गांव में दो हजार बीघा जमीन है, लेकिन तालाब की दीवारें ढह जाने की वजह से खेतों की सिंचाई नहीं हो पाती है। गांव में हाईस्कूल नहीं होने की वजह से छात्र-छात्राओं को शिक्षा के लिए बाहर पढ़ने जाना पड़ेता है। एडीएम ने ग्रामीणों से कहा कि उनकी मांगों को पूरा किया जाएगा।

