जबलपुर। जबलपुर लोकसभा सीट के बरगी क्षेत्र में पिछले दिनों चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेताओं पर फायरिंग करने के आरोपी विधायक प्रतिभा सिंह के पुत्र गोलू सिंह को मथुरा में गिरफ्तार कर लिया गया है। गोलू सिंह घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।
घटना में कई कांग्रेस नेताओं को गोली लगी थी। इसके खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी विवेक तन्खा और कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेताओं ने चुनाव आयोग के पास अपनी शिकायत दर्ज कराई थीं। यही नहीं कांग्रेस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव बनाते हुए धरना-प्रदर्शन भी किए थे।
पुलिस ने 5 हजार रुपए का ईनाम किया था घोषित
गौरतलब है कि बेलखेड़ा के मनकेड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सीबीआई कोर्ट में सुनवाई के दौरान की गई फायरिंग के मामले में पुलिस अधीक्षक हरिनारायण चारी मिश्र ने विधायक प्रतिभा सिंह के बेटे गोलू व उसके साथियों पर 5-5 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया था। वहीं गोलू व उसके साथियों को पकडऩे के लिए पुलिस की करीब 25 टीमें लगातार छापेमारी कर रही थी।
6 लोग हुए थे घायल
चुनाव प्रचार के दौरान बसेड़ी व मनकेड़ी में भाजपा व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया था, जिसमें बरगी से भाजपा विधायक प्रतिभा सिंह के बेटे गोलू उर्फ अनुराग सिंह पिता स्व. ब्रजकिशोर सिंह (30) व उसके साथी रामगोपाल पिता कन्हैयालाल लोधी (28), पुष्पराज सिंह पिता नन्हू सिंह लोधी (25) निवासी बेलखेड़ा, यशपाल सिंह पिता विशालसिंह लोधी निवासी सुनाचर बेलखेड़ा सहित अन्य ने कांग्रेस के अभयसिंह उर्फ छोटू सिंह, दुर्जन सिंह सहित अन्य लोगों पर फायरिंग की थी, इसमें 6 लोगों को चोटें आई थी।