भोपाल। महिलाओं को झांसा देकर एक के बाद एक सात महिलाओं से शादी करने वाले एक युवक का बुधवार को जब पुलिस ने पीड़ित महिलाओं से सामना कराया तो वह उनके ( पत्नियां) सामने फूट-फूटकर रो पड़ा। वह बार- बार पत्नियों से केस वापस लेने की गुजारिश कर रहा था।
इसी दौरान पूछताछ में पता चला कि आरोपी सात के बाद आठवीं शादी करने की तैयारी में था। आरोपी ने इतनी शादी करने का अपना अलग ही कारण बताया है। आरोपी का कहना था कि वह अकेलापन दूर करने के लिए शादियां करता था। महिला थाना पुलिस के मुताबिक निजामुद्दीन कॉलोनी निवासी सैयद शहजाद अली (45) के खिलाफ उसकी पत्नी इशरत ने महीने भर पहले दहेज प्रताड़ना की शिकायत की थी।
उसने बताया कि शहजाद अली उसे छोड़कर दूसरी शादी करने जा रहा है। जांच में सामने आया कि आरोपी की यह दूसरी नहीं, बल्कि 8वीं शादी होने वाली थी। इससे पहले वह इशरत को मिलाकर 7 महिलाओं से शादी कर चुका था और 8वीं की तैयारी में था। वह महिलाओं को बातों में फंसाकर उनसे शादी करने के बाद गर्भवती होते ही छोड़ देता था। मंगलवार देर शाम ऐशबाग पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को एक मकान से गिरμतार कर लिया। उसके खिलाफ पहले से ही कई वारंट जारी थे।
ऐशबाग पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर महिला पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को भी भटकाने की कोशिश करता रहा, लेकिन बाद में पुलिस ने उसकी दो पत्नियों से सामना करवा दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। अन्य महिलाओं से भी इस संबंध में बयान लिए जाएंगे।
थाने में कराया सामना
महिला पुलिस थाने में आरोपी शहजाद अली और उसकी पत्नी इशरत का आमना-सामना कराया गया, जहां उसकी दूसरी पत्नी माया भी आ गई। यहां वह माया को देखकर फूट फूटकर रोने लगा। उसने माया से पुलिस से बचाने के लिए भी कहा कि यह इशरत उसे झूठे मामले में फंसा रही है। इसके बाद इशरत ने उसको काफी खरी खोटी सुनाई, इस दौरान आरोपी और उसकी दूसरी पत्नी माया की आंखों में भी आंसू आ गए। उससे पत्रकारों ने पूछा कि तुम इतनी शादियां क्यों करते थे,तो उसने बताया कि वह जिंदगी में अकेलापन महसूस करता था कि इस कारण वह शादियां कर रहा था। उसकी पत्नियां उसको समझ नहीं पाती थीं।