कमलनाथ को सोनिया गांधी ने तलब किया, दिल्ली पहुंचे | MP NEWS

भोपाल। मध्यप्रदेश में चल रहे राजनैतिक आपतकाल के बीच सीएम कमलनाथ को सोनिया गांधी ने तलब किया है। मुख्यमंत्री दिल्ली पहुंच गए हैं। उनसे पहले विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा और विधायक रामबाई फिर से दिल्ली चले गए थे जबकि कमलनाथ ने सभी को भोपाल में रहने के लिए कहा था। विधायक बिसाहूलाल सिंह बेंगलुरू से वापस तो आ गए हैं परंतु उनका चेहरा और आवाज कुछ और ही संकेत दे रहे हैं। शब्दों में उन्होंने कमलनाथ का समर्थन किया है परंतु आवाज में वो खनक नहीं थी। 

2 विधायकों के सवाल पर बिसाहूलाल चुप्पी साध गए

मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात के बाद विधायक बिसाहूलाल सिंह कहा- मैं तो तीरथ करने गया था। मुझे किसी ने बंधक नहीं बनाया। मैं कांग्रेस में ही रहूंगा। जब मीडिया ने उनसे पूछा कि बेंगलुरू में आपके साथ विधायक हरदीप सिंह डंग और रघुराज कंसाना भी थे? तो बिसाहू चुप्पी साध गए। हालांकि गृह मंत्री बाला बच्चन ने दावा किया कि दोनों से संपर्क में हूं, वे जल्द भोपाल पहुंचेंगे। बिसाहू को बेंगलुरू से लाए मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल से जब मीडिया ने पूछा- बिसाहू बेंगलुरू में कहां मिले। उन्होंने कहा- वहीं मिले।

भोपाल से फिर दिल्ली चल गए शेरा और रामबाई

दूसरी ओर, शनिवार दोपहर भोपाल लौटने के बाद रात में दिल्ली गए निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा रविवार सुबह मुंबई चले गए। बसपा विधायक रामबाई भी दिल्ली चली गईं। उन्होंने इसकी वजह बेटी की तबीयत खराब होना बताया। इसके बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ भी दिल्ली पहुंच गए। वह सोमवार को पार्टी के आला नेताओं से प्रदेश के सियासी हालात पर चर्चा करेंगे। सूत्रों के मुताबिक इस दौरान मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल विस्तार की भूमिका रख सकते हैं। इधर, दिल्ली में ही भाजपा के आला नेताओं की बैठक रविवार को भी जारी रही।

बिसाहूलाल के बयान लेने आईजी एवं डीआईजी, सीएम हाउस में पहुंच गए

बिसाहू बेंगलुरू से पर्यटन मंत्री सुरेंद्र सिंह बघेल के साथ इंदौर पहुंचे। यहां से गृहमंत्री बाला बच्चन के साथ वे सरकारी विमान से भोपाल पहुंचे और सीधे सीएम हाउस गए। उसी समय भोपाल आईजी एवं डीआईजी भी वहां पहुंच गए। अफसरों ने कहा कि इनके बयान लेने हैं। बेटे ने एफआईआर दर्ज कराई है। हालांकि बयान नहीं हुए।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !