रेगिस्तान की गर्म हवाएं जबलपुर पहुंची, तापमान 31 डिग्री के पार | JABALPUR NEWS

जबलपुर। मध्य प्रदेश के शहर जबलपुर में राजस्थान की तरफ से आने वाली गर्म हवाएं पहुंच गई है। इसी के साथ शहर का तापमान बढ़ना शुरू हो गया है। जबलपुर शहर में दिन का तापमान 31 डिग्री से ज्यादा बना हुआ है। 

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिम की ओर जो सिस्टम बार-बार बन रहा है, उसके कारण शहर का मौसम बार-बार बदल रहा है। अब उत्तर-पश्चिम हवा चलने से तापमान में एक बार फिर बढ़त शुरू हो गई है। दिन के समय में पारा 31 डिग्री के ऊपर जा रहा है जबकि रात के समय वह 16 डिग्री के नीचे है। अभी 20 मार्च तक मौसम में एक बार फिर बदलाव की संभावना बनी हुई है। बीते वर्ष भी 15 मार्च तक जबलपुर संभाग में ओलावृष्टि देखने मिली थी। 

प्रभावी बना पश्चिमी विक्षोभ

शहर का मौसम लगातार बिगड़ने का कारण पश्चिमी विक्षोभ को बताया जा रहा है। जिसके कारण हवा की दिशा बदलने, बादल छाए रहने के साथ तापमान बढ़ता है और इसका प्रभाव समाप्त होते ही पारे में गिरावट होने लगती है। ऐसे दौर में बारिश की संभावना भी लगातार बनी रहती है। इस वर्ष पिछले 2 माह में 7 बार मौसम में परिवर्तन हुआ है और बारिश की संभावना बनी है। 

लोगों को हल्की गर्मी का एहसास

बुधवार को मौसम साफ रहा। दिन में जहां लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हुआ वहीं शाम तक मौसम खुशनुमा बन गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। सुबह की आर्द्रता 60 प्रतिशत तो शाम की आर्द्रता 25 प्रतिशत मापी गई। बीते वर्ष इस दिन का अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 16.5 डिग्री सेल्सियस था। बुधवार को 6 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम हवा चली।
Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !