मप्र की प्रांतीय ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता शुरू | MP SPORTS NEWS

भोपाल। राजस्व और परिवहन मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत की उदघोषणा के साथ टी.टी. नगर स्टेडियम में 7 दिवसीय राज्य स्तरीय गुरूनानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। जनसम्‍पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री जीतू पटवारी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री अरूण यादव तथा पद्मश्री ओलम्पियन तीरंदाज सुश्री दीपिका कुमारी ने इस मौके पर रंगीन गुब्बारे छोड़े। मल्लखम्ब खिलाड़ियों की शानदार प्रस्तुति के साथ ही प्रदेश के दस संभागों से आये खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। समारोह में 'खेलो इंडिया' यूथ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। 

विधायकों को 5 लाख तक अनुदान स्वीकृत करने के अधिकार

खेल और युवा कल्याण मंत्री श्री जीतू पटवारी ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को खेलों में पर्याप्त अवसर दिलाने के लिए मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ की पहल पर प्रदेश में गुरूनानक देवजी प्रांतीय ओलम्पिक खेल की शुरूआत हुई है। राज्य सरकार ने वचन-पत्र में किए वायदे को पूरा किया है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्रवार प्रत्येक विधायक को लोकप्रिय खेलों के विकास के लिए 5 लाख रूपये तक अनुदान की स्वीकृति के अधिकार दिये जाएंगे।

खेल अकादमी के सभी खिलाड़ियों का बीमा कराया गया


श्री पटवारी ने खेल विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और उपलब्धियाँ गिनाते हुए कहा कि अकादमी के 822 खिलाड़ियों का बीमा कराने वाला मध्यप्रदेश, देश का पहला राज्य है। खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि में कई गुना वृद्धि की गई है। खिलाड़ियों को शासकीय नौकरी में 5 फीसदी आरक्षण दिये जाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 'खेलो इंडिया' यूथ गेम्स के पदक विजेता खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि दोगुनी कर उन्हें सौगात दी।

मप्र से कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स के लिए खिलाड़ी तैयार करेंगे: डॉ. एस.एल. थाउसेन

संचालक खेल और युवा कल्याण डॉ. एस.एल. थाउसेन ने कहा कि प्रांतीय ओलम्पिक खेल के लिए शासन की परिकल्पना का उद्देश्य पारम्‍परिक खेलों के अलावा कॉमनवेल्थ, एशियन और ओलम्पिक के लिए प्रदेश की प्रतिभाओं को तैयार करना और उन्हें प्रतिभा प्रदर्शन के अधिकतम अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि आज से 7 फरवरी तक राज्य स्तरीय गुरूनानक देव जी प्रांतीय ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें दस संभागों के खिलाड़ी दस खेलों में भागीदारी कर रहे हैं। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !