कोलार में कशिश रेस्टोरेंट और अपूर्व लेक व्यू अपार्टमेंट का अवैध निर्माण गिराया गया | bhopal news

भोपाल। नगर निगम की बिल्डिंग परमिशन शाखा द्वारा गुरुवार को चूना भट्टी स्थित कशिश रेस्टोरेंट और अपूर्व लेक व्यू अपार्टमेंट के अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान रेस्टोरेंट व अपार्टमेंट के कर्मचारियों और रहवासियों ने विरोध किया लेकिन निगम अधिकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी और कार्रवाई जारी रही।

अपूर्व लेक व्यू अपार्टमेंट में पार्किंग स्थल पर अतिक्रमण हटाया

निगम अधिकारियों ने बताया कि पांच मंजिला अपूर्व लेक व्यू अपार्टमेंट में पार्किंग के स्थान पर 900 वर्गफीट में अवैध निर्माण किया गया था। पार्किंग की जगह पर तीन कमरों का निर्माण किया गया था। जांच में यह निर्माण अवैध पाया गया था। अवैध निर्माण तोड़ने के दौरान रहवासियों ने इसका विरोध किया। अधिकारियों के साथ उनकी जमकर बहस भी हुई। आधे घंटे तक चले इस विवाद के बाद जैसे ही निर्माण संबंधित कागजात मांगे गए तो विवाद शांत हो गया। इसके बाद अन्य अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

कशिश लेक व्यू रेस्टोरेंट ने बिना अनुमति बना लिए तीन शेड

चूना भट्टी रोड स्थित कशिश लेक व्यू रेस्टोरेंट में अवैध निर्माण किया गया था। यहां 800 वर्गफीट में तीन शेड बनाए गए थे। इसके लिए नगर निगम से अनुमति भी नहीं ली गई थी। कार्रवाई होता देख रेस्टोरेंट के मालिक आरके चौरसिया मौके पर पहुंचे। साथ ही कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने फोन पर बिना नाम बताए किसी व्यक्ति से बात कराने की कोशिश की। इस पर अधिकारियों ने बात करने से इंकार कर दिया। इसके बाद अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा निगम ने नेहरू नगर चौराहे के पास अवैध रूप से बनाई गई चार झुग्गियों को भी हटाया।
Tags

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !