जीतू सोनी सहित 102 लोगों के खिलाफ मानव तस्करी का चालान पेश | INDORE NEWS

Updesh Awasthee
इंदौर। पलासिया पुलिस ने एक लाख 20 हजार रुपए के इनामी जीतू सोनी के बेटे अमित सोनी सहित 102 लोगों के खिलाफ मंगलवार को मानव तस्करी की धाराओं में चालान पेश कर दिया। पुलिस ने चालान में उल्लेख किया है कि अमित ने होटल, बार का लाइसेंस ले रखा था, लेकिन वहां पर लड़कियों से डांस कराया जाता था। लड़कियों को अवैध तरीके से रखा गया था। उनका यौन शोषण किया जाता था। उनकी पिटाई भी होती थी। इस मामले में जीतू सोनी मुख्य आरोपी है, उसके खिलाफ अलग से चालान पेश किया जाएगा। 

मायहोम यौन शोषण मामले में 43 लोग गिरफ्तार, 59 फरार हैं

पलासिया थाना प्रभारी विनोद दीक्षित के मुताबिक तकरीबन पांच हजार पेज का चालान पेश किया गया है। चालान में लड़कियों के बयान भी उल्लेखित किए गए हैं। लड़कियों को एक लाख रुपए साल के हिसाब से माय होम में अवैध तरीके से रखा जाता था। एक कमरे में कई लड़कियां रहती थीं। उनसे डांस कराया जाता था। कई लड़कियां बांग्लादेशी भी हैं। उन्हें अवैध तरीके से लाकर यहां रखा गया था। लड़कियों ने बयान में कहा है कि रुपया इकट्ठा करने का टारगेट पूरा नहीं होने पर उन्हें खाना भी नहीं दिया जाता था। उन्हें भूखा रखा जाता था।

सुबह के वक्त होटल से बाहर जाने की नहीं थी अनुमति

लड़कियों पर नजर रखने वालों को उनका पति बताया जाता था। फिलहाल सभी लड़कियों को एक आश्रम में रखा गया है। पुलिस, प्रशासन उनकी देखरेख कर रहा है। विटनेस प्रोटेक्शन एक्ट के तहत उन्हें रखा गया है। लड़कियों ने खुद बताया कि उन्हें अमित सोनी के द्वारा माय होम में किस तरह रखा जाता था। उन्हें सुबह के वक्त होटल से बाहर निकलने की अनुमति भी नहीं थी। बहुत जरूरी काम होने पर बाउंसर साथ भेजे जाते थे। बीमार होने पर भी उनसे डांस कराया जाता था।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!