कमलनाथ और गहलोत ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा की पेशकश की | MP NEWS

Updesh Awasthee
भोपाल। दिल्ली से खबर आ रही है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी के सामने प्रदेश अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की भी पेशकश की है। 5 राज्यों के मुख्यमंत्री आज 2 घंटे तक राहुल गांधी को मनाते रहे परंतु राहुल गांधी राजी नहीं हुए। बता दें कि राहुल गांधी गहलोत और कमलनाथ से नाराज हैं। उनका आरोप है कि दोनों मुख्यमंत्रियों ने लोकसभा चुनाव में अपने बेटों के लिए पार्टी को दांव पर लगा दिया था। 

मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने राहुल को पार्टी के कार्यकर्ताओं की भावना से अवगत करा दिया है। उन्होंने कहा कि हमने वर्तमान परिस्थितियों पर खुलकर बात की। हमने कहा कि चुनाव में हार-जीत होती रहती है। उन्होंने हमारी बात को बहुत ध्यान से सुना। हमने अपनी बात दिल से कही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राहुल गांधी उनकी बातों पर विचार करेंगे।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल गांधी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। राहुल ने कहा था कि उन्हें इस बात का दुःख है कि इस हार के बावजूद पार्टी के किसी भी मुख्यमंत्री या नेता ने जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया। राहुल ने गांधी परिवार के बाहर से किसी नेता को पार्टी का अध्यक्ष बनाने की बात कही थी। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी राहुल नहीं माने और अपने इस्तीफे पर अड़े रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!