पत्नी को मायके जाने से रोकने, पति ने उसे बच्चा चोर बताकर पुलिस बुला ली | GWALIOR NEWS

ग्वालियर। झगड़े के बाद नाराज पत्नी बच्चे को लेकर मायके जाने के लिए स्टेशन पहुंच गई। पति उसे मनाने पहुंचा जब वह नहीं मानी तो पुलिस को मानव तस्करी के रैकेट से जुड़ी महिला की सूचना दे दी। साथ में एक बच्चा चोरी करने की भी बात कही। जिस पर तत्काल पुलिस स्टेशन पहुंची। महिला और उसके रिश्तेदारों को पति सहित पुलिस पड़ाव थाने ले आई। जब मामला आपसी विवाद का निकला तो दोनों पक्षों को महिला थाना काउंसलिंग के लिए भेज दिया। 

श्योपुर निवासी 27 वर्षीय राजा (परिवर्तित नाम) की शादी कुछ वर्ष पूर्व बिहार निवासी रानी (परिवर्तित नाम) के साथ हुई थी। दोनों के एक बच्चा भी है। अभी दो दिन पहले दोनों एक रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने ग्वालियर आए थे। यहां दोनों के बीच में झगड़ा हुआ तो महिला अपने बच्चे को लेकर भैया-भाभी के साथ मायके जाने के लिए निकल गई। पत्नी को मनाने युवक भी स्टेशन पहुंच गया। पर यहां पत्नी ने साथ आने से मना कर दिया। जिस पर उसे रोकने के लिए पति ने पुलिस को यह सूचना दे दी कि मानव तस्करी का एक गिरोह स्टेशन पर है। किसी बच्चे को तस्करी के लिए ले जा रहा है। यह खबर मिलते ही जीआरपी, पड़ाव व आरपीएफ थानों के अफसर मौके पर पहुंच गए। महिला व उसके साथ रिश्तेदारों को पड़ाव थाने ले आए।

थाने लाकर पूछताछ की तो महिला ने बताया कि उसके पति ने ही पुलिस को गलत सूचना दी है। वह कोई मानव तस्करी नहीं करती है। गोद में जो बच्चा है वह उसी का है। महिला ने बताया कि उसके पति के किसी अन्य महिला से संबंध हैं। जिसको लेकर कई बार झगड़े होते हैं। बीते रोज भी झगड़ा हुआ जिस पर वह अपने भाई-भाभी के साथ मायके जा रही थी। यह कहानी सुनने के बाद पुलिस की जान में जान आई। महिला व उसके पति को महिला थाने काउंसलिंग के लिए भेजा है।
If you have any question, do a Google search

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!