मप्र चुनाव: टॉप ब्रेकिंग न्यूज | MP ELECTION: TOP BREAKING NEWS

रात में आराम कर रहे थे कमलनाथ, अमृतसर के लिए सुबह 11 बजे संवेदनाएं व्यक्त कीं | भोपाल। अमृतसर की घटना ने देश भर को हिलाकर रख दिया था। तत्समय ही लगभग सभी प्रमुख लोगों ने ना केवल संवेदनाएं व्यक्त कीं बल्कि घटना की जानकारी ली और अपने सोशल मीडिया फालोअर्स तक पहुंचाई परंतु कमलनाथ अनुपस्थित थे। सुबह 11 बजे ट्वीटर पर प्रकट हुए और संवेदनाएं व्यक्त कीं। "अमृतसर के चौड़ा बाजार में रावण दहन के दौरान मची भगदड़ में कई लोगों के ट्रेन की चपेट में आने की हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हूं। दु:ख की इस कठिन घड़ी में मैं दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" मुद्दा यह नहीं है कि पंजाब की घटना पर कमलनाथ रात में ही संवेदनाएं व्यक्त करके क्या कर लेते। मुद्दा यह है कि जो नेता विजयादशमी जैसे पर्व पर भी रात के समय सक्रिय नहीं था क्या उम्मीद की जाए कि वो मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद सक्रिय रहेगा। 

2. कांग्रेस के 8 विधायकों के टिकट खतरे में

विधायक प्रताप सिंह- जबेरा-सर्वे में स्थिति खराब
सरस्वती सिंह-चितरंगी- पैनल में नाम लेकिन टिकट पर संशय
विधायक शकुंतला खटीक- करैरा- विवादों में रही, सर्वे में रिपोर्ट खराब, विवादित बयान
विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना- मउगंज - आपराधिक रिकॉर्ड, सर्वे रिपोर्ट खराब
विधायक गोवर्धन उपाध्याय- सिरोंज-एज फैक्टर, नया चेहरा लाने की कवायद, जातिगत समीकरण
विधायक रामपाल सिंह- ब्यौहारी- सर्वे रिपोर्ट , नया चेहरा लाने की कवायद
बैहर से संजय उइके और बड़वानी से रमेश पटेल के नामों पर लटकी तलवार

3. दशहरा-दीवाली छोड़ो, चुनाव के काम में लगो: तोमर

ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताआें से कहा- इस बार हमारे लिए दशहरा व दीवाली, सब कुछ चुनाव है। ऐसे में हमें घर की जिम्मेदारियों का समय भी चुनाव को देना है। उन्होंने कहा पिछले तीन चुनावों में भी दशहरा, दीवाली के पर्व चुनाव के दौरान ही पड़ते रहे हैं। हमने हर बार पार्टी आैर अपनी जिम्मेदारियों को वरीयता दी है। इस बार भी उसे दोहराकर इतिहास रचना है।

4. दीपावली बाद मप्र में मोदी और शाह की 41 सभाएं

भोपाल। दीपावली के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह मप्र में ताबड़-तोड़ दौरे करेंगे। मोदी 12 सभाएं, जबकि शाह सभी 29 लोकसभा में सभा के साथ कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ संगठन ने इन दौरों की रूपरेखा तैयार कर ली है। शिवराज शनिवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेने शाम 5 बजे दिल्ली जाएंगे। मोदी कहां सभाएं करेंगे, ये फिलहाल तय नहीं है।

5. रेल टिकट से मोदी की फोटो हटाई जाएगी

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेलवे टिकट पर लगे फोटो को लेकर कांग्रेस पार्टी ने आपत्ति जताई है। कांग्रेस की ओर से इस बारे में चुनाव आयोग में की गई शिकायत में इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताया है। पीएम के फोटो लगे टिकट की शिकायत को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) मध्यप्रदेश ने रेलवे बोर्ड को भेजा है। सीईओ वीएल कांताराव ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी जिसे रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है।

6. आम आदमी पार्टी का होर्डिंग हटाने वाला अधिकारी पद से हटाया

भोपाल। नगर निगम ने आम आदमी पार्टी (आप) को पहले होर्डिंग लगाने की अनुमति दी, जब पार्टी ने होर्डिंग लगा दिया तो आधी रात में उसे हटा दिया। पार्टी ने इसकी शिकायत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से कर दी। मामले के तूल पकड़ने पर दोपहर में यह होर्डिंग दोबारा लगवा दिया गया और प्रथमदृष्टया दोषी पाए गए जोनल अधिकारी (जेडओ) अर्जुन मेघानी को उनसे पद से हटा दिया गया है। आप की जांच में पता चला कि मेघानी के कहने पर एसडीएम संजय श्रीवास्तव ने यह होर्डिंग निकलवाया है। शिकायत के बाद जिला प्रशासन और नगर निगम के अफसर सक्रिय हुए। अनुमति की जांच हुई और शिकायत सही पाई गई।

7. बीजेपी अध्यक्ष राकेश सिंह के बंगले पर सरकार खजाना लुटा रही है

भोपाल। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह को मिले बंगले और उसमें हो रहे हैं लाखों के रेनोवेशन पर कांग्रेस ने सवाल उठाया है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार भेदभाव कर रही है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बँगले के लिए आवेदन किया था, अभी तक उन्हें बंगला नहीं दिया, राकेश सिंह को आवंटित कर रिनोवेशन पर लाखों खर्च कर रहे।

8 केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में दिल्ली नहीं गए शिवराज सिंह

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर दिल्ली में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के लिए जाने वाले शिवराज का दौरा टल गया है. बैठक से ठीक पहले यह निर्णय लिया गया. जानकारी के अनुसार भोपाल में चुनाव रणनीति को लेकर एक बैठक है और इसके कारण सीएम ने अपना दिल्ली दौरा टाल दिया है। अब बताया जा रहा है कि सीएम शिवराज सिंह चौहान शाम 5 बजे जाएंगे दिल्ली,केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शामिल होने जा रहे है सीएम,अमित शाह और पीएम नंरेंद्र मोदी से चर्चा कर चुनावी तैयारियो की देंगे जानकारी।

9. विवादित बयानों से कद बढ़ाने की कोशिश में अभिलाष पांडे

भोपाल। बीजेपी मुख्यालय में भाजयुमो की बैठक रखी गई है। इसमें भाजयुमो द्वारा नामित विधानसभा प्रभारी समेत मोर्चा पदाधिकारी,मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर,धर्मेंद्र प्रधान,राकेश सिंह शामिल हुए है।बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की जाएगी और आगे की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा। बैठक से पहले भाजयुमो अध्यक्ष अभिलाष पांडे मीडिया रुबरु हुए और उन्होंने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि  राहुल गांधी मजाक के केरेक्टर हैं। राहुल उपहास के पात्र स्वयं बनते हैं। देश का युवा राहुल गांधी को मजाक और फन का नेता समझता है। इससे पहले पांडे ने किसी भी कांग्रेसी नेता पर हमला करने की धमकी दी थी।

10. कांग्रेस CEC की बैठक 26 को

भोपाल। कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक 26 अक्टूबर को दिल्ली में होगी। बैठक के पहले 3 दिन होगी स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक चलेगी जिसमें प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा होगी। जिसके बाद राहुल गांधी से प्रत्याशियों के नामों पर कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया चर्चा करेंगे।

11. मैं सही दिशा में जा रहा हूं: शिवराज सिंह

सीएम शिवराज सिंह ने कहा कांग्रेस के मेरे ज्यादातर मित्र आजकल सोशल मीडिया पर अपने और अपनों से ज़्यादा मेरा नाम जपते हुए दिख रहे हैं। वाकई... सही कह गए हैं हमारे बुजुर्ग कि "जब आपके विरोधी ख़ुद से ज़्यादा आपका नाम जपने लगें, तो समझ जाना कि आप सही दिशा में जा रहे हो।"

12. अमित शाह ने 8 सदस्यों की टीम बनाई, सौंपा चुनाव प्रबंधन

भोपाल। भाजपा सूत्रों के मुताबिक शाह ने 8 सदस्यों की एक टीम बनाई है। ये टीम प्रदेश में चुनाव संबंधित कामकाज संभालेगी। इस टीम का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी विनय सहस्रबुद्धे करेंगे। इस टीम में नरेंद्र सिंह तोमर, प्रभात झा, कैलाश विजयवर्गीय, सुहास भगत, प्रहलाद पटेल और नरोत्तम मिश्रा शामिल हैं। इन सभी नेताओं को पार्टी ने मीडिया, सोशल मीडिया, कॉस सेंटर, प्रचार-प्रसार, चुनाव संबंधित सामग्री का प्काशन, अउटडोर प्रचार, हितग्रहियों सम्मेलन, महिला सम्मेलन, विधानसभाओं में केंद्रीय नेताओंं के दौरे, कांग्रेस के खिलाफ रणनीति तय करना और चुनाव बैठक का प्रबंधन देखने का काम होगा। अन्य राज्यों से एमपी आए बीजेपी नेताओं से समन्वय का काम भी ये टीम करेगी। 25 अक्टूबर के बाद से प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी चुनाव तक एमपी में ही डेरा जमाए रखेंगे।

13. अवैध हथियारों के जखीरे के साथ भाजपा नेता गिरफ्तार

शाजापुर। कालापीपल में पुलिस ने बीजेपी युवा मोर्चा नेता महेंद्र खत्री को अवैध हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है। उनके पास से 02 देसी कट्टे, 1 पिस्टल, 1 रिवॉल्वर और कारतूस बरामद की गई है।

14. भीड़ जुटाने के लिए जादूगरों और कठपुतली शो करवाएगी भाजपा

भोपाल। चुनाव प्रचार के लिए थ्रीडी जैसी तकनीक का उपयोग कर चुकी भाजपा गांव और कस्बों के मतदाताओं को लुभाने के लिए जादूगरों और कठपुतली शो का सहारा लेगी। भाजपा ने चुनाव प्रचार की रणनीति में इसे शामिल किया है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा करीब एक दर्जन ऐसे कलाकारों की सेवाएं चुनाव के दौरान लेगी। भाजपा पदाधिकारियों के मुताबिक 2013 के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा ने ऐसे कई कलाकारों की सेवाएं ली थीं। भाजपा का मानना है कि ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में हाईटेक प्रचार की बजाय ऐसे पारंपरिक प्रचार माध्यम जनता के बीच ज्यादा प्रभाव छोड़ते हैं।

15. भाजपा अब 50 रथ रवाना करेगी

भोपाल। बीमारू स्टेट मध्य प्रदेश को स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने का दावा करने वाली भारतीय जनता पार्टी अब 2018 का चुनाव समृद्ध मध्य प्रदेश के मुद्दे पर लड़ेगी। पार्टी 20 अक्टूबर को समृद्ध मध्य प्रदेश के लिए हर जिले से लेकर गांव तक लोगों का सुझाव एकत्र करेगी। इसके लिए भाजपा कार्यालय से 50 रथ रवाना किए जाएंगे। इन रथ में एक सुझाव पेटी भी होगी जिसमें प्रदेशवासी समृद्ध मध्य प्रदेश के लिए अपने सुझाव दे सकेंगे। रथयात्रा को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह की मौजूदगी में रविवार को हरी झंडी दिखाई जाएगी।

16. सभी दावेदारों को सत्ता सुख मिलेगा, कसम खाओ भितरघात नहीं करोगे: सिंधिया

ग्वालियर। गुटबाजी और टिकट की मारामारी के बीच प्रदेश में सत्ता के लिए संघर्ष कर रही कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के संयोजक व सांसद ज्योदिरादित्य सिंधिया ने टिकट के दावेदारों को पार्टी की गाइड लाइन दिखा दी। सिंधिया ने कहा हर सीट पर एक से अधिक दावेदार हैं, लेकिन टिकट एक को ही मिलेगा। जिसे टिकट मिलेगा, उसे जिताने में सभी को जुटना होगा। वे पोलिंग बूथ स्तर पर इसकी मॉनीटरिंग करेंगे। सत्ता में 700 से 1000 पद होते हैं। इसलिए चुनाव में ईमानदारी से काम करने वालों को सत्ता, संगठन में सम्मान दिलाएंगे। दावेदारों से सिंधिया ने वचन लिया कि वे घोषित प्रत्याशी के समर्थन में जी-जान से जुट जाएंगे।

17. ईव्हीएम के लिये जिलों में स्थायी स्ट्रांग रूम समय-सीमा में बनाये

भोपाल। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री व्ही.एल.कान्ता राव ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश के प्रत्येक जिले में ई.व्ही.एम के लिये 65 करोड़ रुपये की लागत से स्ट्राँग रूम बनाये जा रहे है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी जिलों में इसके लिये जमीन आबंटन कर दिया गया है और कई जिलों में निर्माण कार्य प्रारम्भ हो चुका है। लोक निर्माण विभाग को सभी जिलों में नोडल ऐजेन्सी बनाया गया है। समीक्षा बैठक में श्री राव ने लोक निमार्ण विभाग के पीआईयु के ईएनसी श्री विजय सिंह वर्मा को निर्देशित किया की प्रदेश के 53 जगहों पर बन रहें स्ट्रांग रूम समय से पूर्व तैयार किये जायें।

18. पेड न्यूज की सजगता के साथ समीक्षा करें

भोपाल। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री व्ही.एल.कान्ता राव के निर्देश पर मीडिया मॉनीटरिंग कक्ष के अधिकारियों और कर्मचारियों की समीक्षा बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजेश कौल ने कहा की पेड न्यूज के संबंध में सजगता के साथ कार्य किया जायें । पेड न्यूज से आशय ऐसे समाचार से है जिसके प्रकाशन के लिये किसी भी प्रकार का भुगतान किया गया हो। किसी पार्टी अथवा अभ्यर्भी के संबंध में एक सा विज्ञापन सभी न्यूज पेपर में प्रकाशित किया गया हो।

19. युवा टाउन हॉल: 10 लाख युवा सीधे भाजपा से जुड़ेंगे

केन्द्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनव प्रभारी श्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि आने वाले चुनाव में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस चुनाव में 60 लाख के लगभग युवा पहली बार वोट डालेंगे। वहीं, 27 साल तक के युवाओं की संख्या 1 करोड़ 20 लाख के लगभग है। उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर को होने वाले ‘युवा टाउन हॉल’ कार्यक्रम के जरिए मुख्यमंत्री प्रदेश की 230 विधानसभाओं के युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि ‘युवा टाउन हॉल’ कार्यक्रम से जब प्रदेश के 10 लाख नौजवान सीधे तौर पर जुड़ेंगे, तो कांग्रेस के राजा महाराजा और उद्योगपति नेताओं का चुनाव अभियान खत्म ही हो जाएगा।

20. राहुल गांधी का मालवा दौरा कार्यक्रम

भोपाल। चुनावी समर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी चौथी बार मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। भोपाल, विंध्य, महाकौशल और ग्वालियर-चंबल के बाद अब राहुल 29 और 30 अक्टूबर को मालवा के दौरे पर रहेंगे। मालवा के 10 जिलों की 48 विधानसभा सीटों में से 44 पर भाजपा और 4 पर कांग्रेस काबिज़ है। सूत्रों के मुताबिक राहुल का मालवा दौरा उज्जैन में महाकाल के दर्शन से शुरू होगा इसके बाद आमसभा होगी। राहुल का ओंकारेश्वर जाने का कार्यक्रम भी है। देवास, इंदौर, पीथमपुर और झाबुआ में  रोड-शो और सभाएं होंगी। राहुल गांधी ब्रह्माणों के अराध्य देव भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव भी जा सकते हैं।

21. नींद से जागे नीतिश कुमार, मप्र चुनाव लड़ेंगे

भोपाल। बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार शायद नींद से जाग गए हैं। यहां चुनाव अभियान शुरू हो चुका है। नीतिश कुमार अब पहली मीटिंग करने जा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल को 25 अक्टूबर को पटना बुलाया है। इस दौरान चुनावी रणनीति पर भी चर्चा होगी। बैठक में नीतीश कुमार के साथ चुनावी रणनीतिकार एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर भी मौजूद रहेंगे। संभावना जताई जा रही है कि जदयू प्रदेश में 150 उम्मीदवार मैदान में उतारेगा। कहा जा रहा है कि प्रशांत किशोर के जुड़ने के बाद यह विचार किया गया। जदयू यहां संभावित गठबंधन सरकार के लालच में 2-4 सीटें जीतने की रणनीति बना रही है।

22. कांग्रेसियों ने सिंधिया से कहा: रामनिवास रावत को प्रत्याशी बनाया तो जिता नहीं पाआगे

ग्वालियर। सबलगढ़ के कांग्रेस नेताओं ने ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। वो सबलगढ़ से कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामनिवास रावत की संभावित दावेदारी से नाराज थे। दरअसल श्योपुर के विजयपुर सीट से लगातार दो बार चुनाव जीतने के बाद भी खबर यह है कि रामनिवास रावत इस बार मुरैना के सबलगढ़ से चुनाव लड़ सकते हैं। विजयपुर की सीट पर पकड़ कमजोर होते देख वह इस बार विधानसभा चुनाव में मुरैना स्थित सबलगढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। वहीं सबलगढ़ से आए कांग्रेसियों ने नाराजगी जताते हुए सिंधिया महल में जाकर साफ कर दिया है कि अगर रावत को इस क्षेत्र से टिकट दिया जाता है तो वह विरोध का रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि यहां कि जनता उनकी जमानत जब्त करा देगी।

इस पेज पर दिनभर खबरें अपडेट होती रहेंगी। ताजा खबरों के लिए कृपया इसी पेज पर विजिट करते रहें। 
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करेंया फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !