भोपाल। महिदपुर में जन आशीर्वाद यात्रा के काफ़िले पर पथराव के बाद नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने तंज कसा है। उन्होनें ट्वीट कर चुटकी ली है कि अब किसने मुख्यमंत्री की हत्या की साज़िश रच दी। उज्जैन के महिदपुर में सोमवार रात सीएम के जन आशीर्वाद यात्रा के काफ़िले पर पथराव किया गया। ख़बर आते ही नेता प्रतिपक्ष ने ट्वीट किया कि 'अभी तक मुख्यमंत्रीजी और गृहमंत्री ने यह नहीं बताया कि महिदपुर में उनके रथ पर किसने पत्थर फिंकवाए। किसने मुख्यमंत्री की हत्या की साजिश रची।
उन्होंने लिखा कि 'अभी तक मुख्यमंत्रीजी और गृहमंत्री ने यह नहीं बताया कि उज्जैन जिले के महिदपुर में उनके रथ पर किसने पत्थर फिकवाए, किसने मुख्यमंत्री की हत्या की साजिश रची।' पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सीएम के काफ़िले पर पथराव की निंदा की। उन्होंने कहा हम पत्थर फेंकने की राजनीति नहीं करते। जनता निराश है, ये जनता का आक्रोश है।
2 सितंबर को चुरहट में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान रथ पर पथराव किया गया था। उसका आरोप सीधे अजय सिंह और उनके समर्थकों पर लगा था, क्योंकि चुरहट उन्हीं का निर्वाचन क्षेत्र है। पूर्व में भी नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने 'दिल से' कार्यक्रम पर चुटकी लेते हुए कहा था कि शिवराज में अब जनता से सीधे आंखें मिलाने की हिम्मत नहीं रही, इसलिए रेडियो के जरिए बात कर रहे हैं।