इंदौर: हाईप्रोफाइल महिलाओं के यौन शोषण करके तांत्रिक फरार

इंदौर। सिंहस्थ के दौरान एक तांत्रिक त्रिलोकी नाथ ने इंदौर शहर के हाईप्रोफाइल नेता, कारोबारी और अधिकारियों को टारगेट किया। कई लोग उससे प्रभावित हो गए। एक कारोबारी ने पत्नी के लिए खरीदी गई कार उसे गिफ्ट कर दी। पुलिस और प्रशासन के कई बड़े अधिकारियों के नाम उसके परमभक्तों की सूची में शुमार हैं। अब खुलासा हुआ है कि तांत्रिक ने उसके संपर्क में आए कई कारोबारी, नेता और अधिकारियों की पत्नियों का यौन शोषण किया है। उसका एक वीडियो भी बनाया गया। जब भेद खुलने लगा तो तांत्रिक कार समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। 

पत्रकार श्री मुकेश मंगल की रिपोर्ट के अनुसार तांत्रिक त्रिलोकी नाथ उर्फ पं. कर्नल सिंह ने महालक्ष्मी नगर (आर सेक्टर) के एक बंगले में पूजा-पाठ का ठिकाना बना रखा था। उसके भक्तों में विजय नगर, साईंकृपा कॉलोनी, साकेत नगर, स्कीम-54 जैसे पॉश इलाकों के कारोबारी, नेता और अफसर शामिल थे।उसके पास पॉर्लर, रेस्टोरेंट संचालिकाएं भी जाती थीं। ज्यादातर महिलाएं पति की शिकायत, गृह क्लेश और संतान प्राप्ति के लिए बाबा के संपर्क में आईं। इस दौरान उसने उन्हें पूजा-पाठ का झांसा दिया और उनके साथ शारीरिक संबंध बना लिए।

मामला उस वक्त उजागर हुआ जब एक कारोबारी की महिला मित्र भी यौन शोषण का शिकार हुई। कारोबारी ने तांत्रिक का स्टिंग ऑपरेशन किया और महिला मित्र के साथ वीडियो बना लिया। हालांकि बदनामी के डर से उसने ज्यादती का केस दर्ज करवाने से इनकार कर दिया।

बड़े कारोबारी की कार लेकर भागा

पुलिस के मुताबिक त्रिलोकी नाथ मूलत: हनुमान कॉलोनी ग्राम रामवस तहसील लक्ष्मणगढ़ जिला अलवर (राजस्थान) का रहने वाला है। उसके खिलाफ कारोबारी नीलेश गुप्ता निवासी चंद्रलोक कॉलोनी की शिकायत पर हेराफेरी का केस दर्ज किया गया है।

गुप्ता ने बताया लोगों के कल्याणार्थ पूजा-पाठ व अन्य कार्यों के लिए तांत्रिक के संपर्क में आया था। सिंहस्थ के दौरान तांत्रिक ने पत्नी के नाम से रजिस्टर्ड कार (एमपी 09सीटी 2826) ले ली। इसी वर्ष अप्रैल माह में त्रिलोकी नाथ कार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में दबिश दी। केस दर्ज होने की जानकारी मिलते ही तांत्रिक बंगले पर ताला लगाकर फरार हो गया।

ARTO के घर में छुपा था, डीआईजी का संरक्षण

पिछले दिनों पुलिस को सूचना मिली थी कि तांत्रिक विजय नगर निवासी एआरटीओ के घर छिपा हुआ है। पुलिस देर रात वहां पहुंची लेकिन त्रिलोकी नाथ पिछले दरवाजे से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपित डीआईजी स्तर के अधिकारी, शराब व्यवसायी, प्रॉपर्टी कारोबारियों सहित बड़े लोगों के संपर्क में है। वह लग्जरी कारों में घूमता है।

शेर की खाल पर बैठा, श्मशान में की पूजा

एक महिला के मुताबिक त्रिलोकी नाथ बंगले में पूजा-पाठ के लिए चेले भी रखता था। वह शेर की खाल पर बैठता था। महिलाओं को प्रेत बाधा और पितृ दोष बताकर डरा देता था। उन्हें तिजोरी में रखने के लिए फूल देता था। कुछ दिन बाद मिलने बुलाता था। जिन महिलाओं को संतान नहीं होती थी उनसे कामुक बातें करता था। उन्हें बरगलाकर शारीरिक संबंध बना लेता था।

महिला पीड़ितों की जानकारी जुटाई जाएगी
तांत्रिक के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया जा रहा है। उन महिला पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है जिनके साथ ज्यादती हुई। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच को जांच का जिम्मा सौंपा गया है। 
हरिनारायणचारी मिश्र, डीआईजी
BHOPAL SAMACHAR | HINDI NEWS का 
MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए 
प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !