इंदौर। सबके दुखों को दूर करने की कथित चमत्कारी शक्ति रखने वाले भैय्यूजी महाराज ने सुसाइड क्यों कर लिया, कोई समझ नहीं पा रहा है। लोग जानना चाहते हैं कि आखिर ऐसा कौन सा तनाव था जिसे भैय्यूजी महाराज दूर नहीं कर पा रहे थे। सुसाइड नोट में भी कुछ स्पष्ट नहीं लिखा है अत: रहस्य गहराता जा रहा है और भैय्यूजी महाराज के अपने ही संदेह की जद में आ रहे हैं। भैय्यूजी महाराज की ससुराल से खबर आ रही है कि लगभग 20 दिन पहले से हालात बेहद खराब हो गए थे।
शिवपुरीसमाचार.कॉम की खबर के अनुसार भैय्यूजी महाराज की ससुराल शिवपुरी जिले की खनियाधाना तहसील में है। उनके ससुर अतुल शर्मा और सास रानी शर्मा हैं। अतुल पेशे से शिक्षक हैं। उनकी बेटी को प्यार से पंछी नाम से पुकारा जाता है। वो काफी समय से भैय्यूजी महाराज के आश्रम में ही रह रहीं थीं। यहीं पर रहते हुए भैय्यूजी महाराज के सहयोग से पंछी ने पीएचडी पूरी की और लोग उन्हे डॉक्टर आयुषी के नाम से जानते हैं। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध पनप गए। बाद में भैय्यूजी महाराज ने आयुषी से विवाह कर लिया।
20 दिन पहले बिगड़ गए थे हालात
शिवपुरीसमाचार.कॉम की खबर के अनुसार करीब 20 दिन पहले हालात बिगड़ गए थे। अचानक ससुर अतुल शर्मा और सास रानी शर्मा को इंदौर जाना पड़ा। वो करीब 15 दिन इंदौर में रहे। शायद स्थितियां नियंत्रित करने का प्रयास करते रहे। करीब 4 दिन पहले ही दोनों वापस घर लौटे थे और आज यह खबर आ गई। इंदौर की मीडिया से आ रही खबरों के अनुसार तनाव का कारण संपत्ति विवाद था लेकिन कोई यह नहीं बता पा रहा कि आखिर वो क्या विवाद था जिसे भैय्यूजी महाराज भी सुलझा नहीं पा रहे थे।
BHOPAL SAMACHAR | HINDI NEWS का
MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए
प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com