यूपी में बीजेपी के सीएम केंडिडेट होंगे राजनाथ सिंह !

लखनऊ। दो दिन पूर्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के लखनऊ प्रवास के बाद 'मुख्यमंत्री का चेहरा कौन' पहेली में एक नया मोड़ आया है। यूपी में चुनावी समीकरणों के केंद्र बिंदु में मुख्यमंत्री पद के लिए उपयुक्त चेहरे की खोज में पहले कल्याण और अब राजनाथ का साथ केशव टीम को मिलने की बात होने लगी है।

भाजपा के मिशन 2017 में गृहमंत्री राजनाथ सिंह को मुख्यमंत्री चेहरा बनाये जाने के संकेत मिलने लगे हैं। प्रदेश भाजपा ने सभी होर्डिंग व पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर और प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के बाद राजनाथ सिंह तस्वीर छापने की योजना बनायी है। 

होर्डिंग्स में राजनाथ सिंह की मौजूदगी से राजनाथ सिंह को भावी मुख्यमंत्री के तौर पर प्रोजेक्ट किये जाने के कयास तेज हो गए हैं। हालांकि यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा में सबसे पहला नाम लखनऊ के मेयर डॉ दिनेश शर्मा का खूब चला। उसके बाद केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा, स्मृति ईरानी, योगी आदित्यनाथ के अलावा सांसद वरुण गांधी पर खूब रायशुमारी की गई।

इन नामों की परिचर्चा में सपा सरकार के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व पूर्व मुख्यमंत्री तथा बसपा सुप्रीमो मायावती और मुलायम सिंह यादव की मौजूदगी में यह सभी नाम कमतर के तौर पर आंके गए। 

हालांकि पार्टी अभी तक कोई ऐसा कद्दावर चेहरा नहीं तलाश पाई है। जिसकी पूरे प्रदेश में पहचान हो और उसका अपना वोट बैंक भी। इस अघोष‍ित रायशुमारी के बाद राजस्थान के गर्वनर व पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का नाम काफी जोश खरोश के साथ आया। यह नाम भी करीब छह माह से चल रहा था। 

अब यूपी में बदलते समीकरण के दौर में राजनाथ सिंह को इस दौड़ में शामिल कर लिया गया है। इसके पीछे तर्क यह दिए जा रहे हैं कि राजनाथ सिंह का अपना एक वोट बैंक सूबे में उनके साथ है। यही नहीं राजनाथ की पहचान बेहतर प्रशासक के रूप में बतायी जा रही है।

इन सभी बिंदुओं में अहम बात यह कही जा रही है कि राजनाथ सिंह संघ परिवार के पसंदीदा चेहरा हैं। राजनाथ चेहरा बनते हैं तो पूर्वी उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण मतदाता किस तरफ जाएंगे, कह पाना मुश्किल है। वैसे पार्टी ने गोरखपुर से शिवप्रताप शुक्ला को राज्यसभा भेजने की तैयारी की है, लेकिन संशय तो है ही। 

शिवप्रताप भी राजनाथ के करीबी हैं। यह भी कहा जा रहा है कि राजनाथ केंद्र की राजनीति छोड़कर प्रदेश में आने के लिए बहुत इच्छुक नहीं हैं। पर जिस तरह उनका चेहरा आगे किया जा रहा है। उसके संदेश साफ हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!