आधी रात को अजय सिंह के घर पुलिस ने मारा छापा, कांग्रेस ने जताया विरोध

भोपाल। सतना से कांग्रेस प्रत्याशी अजय सिंह 'राहुल' के घर बीती रात पुलिस की एक टीम ने छापामार कार्रवाई की। पूरे घर की तलाशी ली गई परंतु वहां कुछ नहीं मिला और पुलिस खाली हाथ लौट गई। इस घटना के बाद प्रदेश कांग्रेस ने इसका तीव्र विरोध दर्ज कराया है।

सतना लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अजय सिंह 'राहुल' के घर बीती रात एएसपी सतना के नेतृत्व में आधा दर्जन पुलिसकर्मियों ने दबिश देकर तलाशी ली लेकिन पुलिस को घर से कोई भी आपत्तिजनक सामान नहीं मिला। दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि, अजय सिंह के घर भारी मात्रा में शराब और पैसा रखा है। जिसका इस्तेमाल चुनाव के लिए किया जाना है। वहीं अजय सिंह के घर पुलिस आने की खबर जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लगी काफी संख्य़ा में कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और उन्होंने नाराजगी जाहिर की। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से बहस हो गई।

इधर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस कार्रवाई का तीव्र विरोध दर्ज कराया है। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष मानक अग्रवाल ने इस मनमानी प्रशासनिक कार्यवाही की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जयदीप गोविंद को एक शिकायत सौंपी है। पार्टी ने इस अवैध छापे के लिए सतना के कलेक्टर को मुख्य रूप से जवाबदार बताते हुए उनको एवं संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल सतना से हटाने की मांग की है। कांग्रेस ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इन अधिकारियों के सतना में मौजूद रहते निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान संभव नहीं होगा।

कांग्रेस ने अपनी शिकायत में सीधा आरोप लगाया है कि पुलिस द्वारा यह कार्यवाही सत्तारूढ़ भाजपा के गुप्त इशारे पर एक जनप्रतिनिधि के बतौर कांग्रेस प्रत्याशी श्री अजयसिंह की राजनीतिक छवि को धूमिल कर उनको मतदान में नुकसान पहुंचाने की गरज से की गई है। ऐन मतदान के पूर्व कांग्रेस के प्रत्याशी, जो कि पूर्व मुख्य मंत्री के पुत्र, पूर्व मंत्री एवं वर्तमान में विधायक हैं, को चुनाव में नुकसान पहुंचाने के लिए उनके निवास पर छापे की कार्यवाही के आदेश दिये जाने पर सतना के कलेक्टर एवं पुलिस के संबंधित अधिकारी को सतना से तत्काल हटाकर अन्यत्र पदस्थ किया जाए, जिससे कि सतना संसदीय क्षेत्र में कल 10 अप्रैल 2014 को निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान संपन्न हो सके।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!