हनी ट्रैप वाली श्वेता जैन भाजपा की पदाधिकारी थी, महाराष्ट्र के मंत्री संबंध: दिग्विजय सिंह | MP NEWS

भोपाल। सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने हनी ट्रैप में गिरफ्तार की गई श्वेता जैन का भाजपा से मजबूत कनेक्शन का खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया है कि श्वेता जैन भाजपा की पदाधिकारी थी और महाराष्ट्र के एक मंत्री से भी संबंध था। 

श्वेता जैन युवा मोर्चा में जीतू जिराती कार्यसमिति की महामंत्री थी

इंदौर पहुंचे कांग्रेस नेता व पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब बीजेपी के पूर्व विधायक जीतू जिराती भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष थे, तब हनी ट्रैप मामले में आरोपी श्वेता जैन भारतीय युवा मोर्चा की महामंत्री थीं। उन्होंने मीडिया से कहा कि वह इस बारे में पता कर सकते हैं। 

महाराष्ट्र के मंत्री निलंगेकर का श्वेता जैन से क्या संबंध था

साथ ही दिग्विजय सिंह ने महाराष्ट्र के मंत्री निलंगेकर के भी मामले में शामिल होने की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि उस वक्त निलंगेकर महाराष्ट्र युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष थे, जो फिलहाल फडणवीस सरकार में मंत्री हैं। उन्होंने कहा कि जब श्वेता जैन का वीडियो वायरल हुआ तो वो महाराष्ट्र में किसके साथ थी? उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार के एक मंत्री निलंगेकर का श्वेता जैन से क्या संबंध था, इसका भी पता लगाना चाहिए।

मध्य प्रदेश के एक 'कलाकार' का क्या कनेक्शन है

इसके अलावा सिंह ने कहा कि मीडिया यह पता लगाए कि मध्य प्रदेश के एक 'कलाकार' नेता सागर में श्वेता जैन के पति विजय जैन की दुकान का उद्घाटन करने गए थे या नहीं। 'कलाकार' का नाम पूछे जाने पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी का 'कलाकार' कौन है, यह सभी को पता है।

पूर्वमंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह की किराएदार थी श्वेता जैन

मामले में आरोपी महिला श्वेता जैन को पुलिस और इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने भोपाल की सबसे पॉश कॉलोनी रिवेरा टाउन से गिरफ्तार किया है, जिसने हाल ही में मकान बदला था। श्वेता पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह के मकान में रह रही थीं। वह किराए के रूप में 35 हजार रुपये प्रति माह का भुगतान कर रही थी।

श्वेता जैन भाजपा सरकार के समय कई संगठनों में पदाधिकारी रह चुकी है

हनीट्रैप मामले की आरोपित श्वेता जैन भाजपा सरकार के दौरान कई संगठनों में पदाधिकारी रह चुकी है। सागर जिले के किशोर न्यायालय बोर्ड और बाल कल्याण समिति में वह बतौर सदस्य नियुक्त हुई थी। श्वेता को बाल अधिकार संरक्षण के लिए वर्ष 2009 से 2013 तक और इसके बाद किशोर न्यायालय बोर्ड में नियुक्ति देकर भी उपकृत किया गया था। इस दौरान उसके एनजीओ को भी काफी मदद दी गई थी। श्वेता का अश्लील वीडियो जब आया था, तब वह किशोर न्यायालय बोर्ड में थी। तब चर्चा थी कि ड्राइवर के साथ उसका वीडियो वायरल हुआ था। श्वेता ने विजय जैन से प्रेम विवाह किया था। वह शुरू से ही महत्वाकांक्षी और बिंदास स्वभाव की रही। विजय के कई भाजपा नेताओं से अच्छे ताल्लुकात थे जिनका फायदा श्वेता को भी मिला। यही कारण रहा कि श्वेता जिला संगठन के अलावा युवा मोर्चा की 2009 से 2013 तक प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भी रही। इसी आधार पर उसने 2013 के विधानसभा चुनाव के दौरान सागर से विधानसभा टिकट की दावेदारी भी की थी। स्थानीय स्तर पर संगठन ने भी उसका नाम आगे बढ़ा दिया था।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !