मप्र चुनाव: टॉप 10 ब्रेकिंग न्यूज | MP ELECTION: TOP 10 BREAKING NEWS

राहुल गांधी के बाद अब शिवराज सिंह का रोड शो | ग्वालियर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के रोड शो के जवाब में भाजपा अब 24 अक्टूबर को शहर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का रोड शो कराने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री इस दिन जन आशीर्वाद यात्रा पर ग्वालियर आ रहे हैं। सुबह 11 बजे करीब उनका हेलिकॉप्टर सीधे ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बेरजा में उतरेगा। यहां सीएम जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शहरी क्षेत्र की तीन विधानसभा सीटों पर रोड शो करने निकलेंगे। रोड शो के लिए मुख्यमंत्री एक रथ पर सवार होकर निकलेंगे। ये रथ ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व और ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में सभी प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर मुख्यमंत्री शहरवासियों को संबोधित भी कर सकते हैं। 

2. सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा केंद्र चालू रहेंगे

उज्जैन। आचार संहिता में भी लोक सेवा केंद्र व सीएम हेल्पलाइन का संचालन जारी रहेगा। इस संबंध में राज्य लोक सेवा अभिकरण के कार्यपालक संचालक पी. चंद्रशेखर ने कलेक्टर को निर्देश जारी किए हैं। इससे पहले 6 अक्टूबर को आचार संहिता लागू होते ही लोक सेवा केंद्र बंद कर दिया था। इसके बाद लोगों के काम अटक गए थे।

3. कब जारी होगी सपाक्स प्रत्याशियों की लिस्ट, हीरालाल ने बताया

भोपाल। सपाक्स पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरालाल त्रिवेदी ने कहा है कि हम प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। हमारी पार्टी स्वतंत्र है। किसी भी दल को समर्थन नहीं करेंगे। हमारा अपना चुनावी एजेंडा है और उस पर ही चलेंगे। 80 सीटों पर टिकट की सूची तैयार कर ली। बाकी सीटों पर जिला इकाई जिस नाम को सहमति देगी, उस पर विचार-विमर्श कर टिकट फाइनल करेंगे। हीरालाल त्रिवेदी ने कहा कि नामांकन के पहले दिन तक हम टिकट की घोषणा कर देंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार निजी क्षेत्र में भी आरक्षण लागू करना चाहती थी। इसके लिए वह बिल भी लाने वाली थी, लेकिन हालांकि सवर्णों की एकजुटता और विरोध को देख नहीं लाई।

4. शिवराज के साथ के साथ सेल्फी आचार संहिता का उल्लंघन

सिवनी। CM शिवराज के साथ खिंचवाई फोटो को वाट्सऐप DP में रखना प्रभारी परियोजना समन्वयक को पड़ा महंगा, व्हाट्सएप डीपी पर आचार संहिता उलंघन की हुई कार्रवाई, प्रभारी परियोजना समन्वयक शकील अंसारी को तत्काल पद से हटा कर मूल पदस्थापना पर वापिस भेजा गया

5. कांग्रेस धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ कर सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश कर रही है: भाजपा

भोपाल। कांग्रेस द्वारा अपने प्रचार प्रसार एवं चुनाव में अनुचित लाभ को देखकर धार्मिक भावनाओं से खिलवाड कर साम्प्रदायिक सदभाव बिगाडने की कोशिश कर रही है। विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री संतोष शर्मा ने कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाएं भड़काने एवं भाजपा नेताओं के फोटो का दुरूपयोग करने के संबंध में पुलिस अधीक्षक भोपाल को शिकायत कर उचित कार्यवाही करने के लिए पत्र लिखा है। श्री संतोष शर्मा ने बताया कि कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को भड़काने के लिए महाभारत की पृष्ठभूमि को लेकर एक वीडियो बनाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री जी को एक महिला का चीरहरण करते दिखाया गया है एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश शासन के मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा एवं महापौर श्री आलोक शर्मा को भी उक्त वीडियो में महिला पर हंसते हुए दिखाया गया है। साथ ही कमलनाथ को भगवान कृष्ण की भूमिका में दिखाकर धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ कर साम्प्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश की गयी है। श्री शर्मा ने पुलिस अधीक्षक भोपाल को लिखे पत्र में कांग्रेस द्वारा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने को लेकर कांग्रेस पर आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की है।

6. शिवराज सिंह लगातार कर्ज लेकर प्रदेश को कंगाल कर रहे हैं: कांग्रेस

भोपाल। प्रदेश भाजपा सरकार के मुखिया शिवराज सिंह चौहान अपनी सरकार की डूबती नाव से घबराकर सरकारी स्तर पर लगातार कर्ज लेकर प्रदेश को कंगाल कर रहे हैं। जिस कारण प्रदेश की जनता इस लगातार कर्ज से 160871 करोड रुपए की कर्जदार हो गई है। जिसकी भरपाई में प्रदेश का विकास बुरी तरह प्रभावित होगा। यह आरोप मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की मीडिया कमेटी की अध्यक्ष शोभा ओझा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर लगाया है। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष के बीते 6 माह में ही भाजपा की सरकार ने 6500 करोड़ रुपए का नया कर्ज ले लिया है। इस कर्ज के साथ सरकार की स्थिति दिवालियापन की ओर बढ़ गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर आरोप लगाया है कि घोटालों और भ्रष्टाचार में डूबी सरकार की छवि को चमकाने और अपनी ब्रांडिंग करने के लिए मुख्यमंत्री सरकारी खजाने का दुरुपयोग कर रहे हैं और बार-बार कर्ज लेकर प्रदेश को वित्तीय संकट की ओर धकेल रहे हैं।

07 . दुर्गा पंडाल में कांग्रेस को वोट की कसम दिलाई, नेता गिरफ्तार

छतरपुर। युवा कांग्रेस के जिला महासचिव बृजराज तिवारी पर आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कांग्रेसी नेता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि ब्रजराज तिवारी ने दुर्गा पंडाल में कांग्रेस को वोट देने की लोगों को शपथ दिलाई थी। इतना ही नहीं कांग्रेस के विधानसभा टिकट के दावेदार आलोक चतुर्वेदी के समर्थन में नारे भी लगवाए थे।

8. जल्दी ही आपके सामने उसी रूप में नज़र आऊँगी: अमृता दिग्विजय सिंह

भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी घोषित होने की अफवाह के बाद दिग्विजय सिंह की पत्नी अमृता राय सिंह ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने लिखा पत्रकार इसे देखकर रश्क कर सकते हैं। मित्र प्रसन्न हो सकते हैं। राजनीतिक इस पर हैरान परेशान हो सकते हैं और विरोधी कटाक्ष कर सकते हैं। पर इस तस्वीर का मज़मून सच नहीं है। मैं पत्रकार हूँ, अपनी इसी साधना में जुटी हुई हूँ। जल्दी ही आपके सामने उसी रूप में स्क्रीन पर नज़र आऊँगी, जो मेरी पहचान है और जिस रूप में आप मुझे देखते आए हैं।'

9. 1.53 करोड़ युवा तय करेंगे मध्यप्रदेश की नई सरकार

भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकार किसकी बनेगी तय करेंगे डेढ़ करोड़ युवा। 5.33 करोड़ मतदाताओं में 1.53 करोड़ वोटर्स 18-29 साल के हैं। उम्मीद है बीजेपी-कांग्रेस एजेंडे में युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता देंगे। पहली बार वोट दे रहे युवा चाहते हैं हायर एजुकेशन और रोजगार गारंटी, युवतियां चाहती हैं सुरक्षा कानून।

10. हार्दिक पटेल भी महाकाल के दर्शन कर शुरू करेंगे चुनाव अभियान

इंदौर। गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल शनिवार से मध्य प्रदेश के चुनावी समर में कूद पड़ेंगे। वे यहां गुजरात की तरह भाजपा के खिलाफ और कांग्रेस के पक्ष में प्रचार करेंगें। हार्दिक मध्य प्रदेश में सबसे पहले उज्जैन में महाकाल के दर्शन करेंगे। इसके बाद चुनावी दौरे पर निकल जाएंगे। हार्दिक 20 अक्टूबर को उज्जैन पहुंचगे। महाकाल मंदिर में पूजन के बाद वे नलखेड़ा जाकर माता बगुलामुखी के दर्शन करेंगे। नलखेड़ा में ही युवा संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसी दिन ओंकारेश्वर में पूजन करेंगे। रात को वापस इंदौर आकर दलित परिवार के यहां रात में रुकेंगे। 21 अक्टूबर को इंदौर में एक दिन के लिए उपवास पर बैठेंगे। रात को दमोह के लिए रवाना हो जाएंगे। दमोह जिले के पथरिया में धरना और उपवास का आयोजन में भाग लेंगे। 23 को वो सतना जिले की सडेरा सिमेंट फैक्ट्री के श्रमिकों से मिलेंगे। यहां के श्रमिक दस दिनों से आमरण अनशन पर हैं।

11. सिर्फ डीजे पर प्रतिबंध, ढोल-नगाड़े बजाओ कोई रोक नहीं

भोपाल। इस बार दुर्गा प्रतिमा विसर्जन चल समारोह में बिना डीजे और लाउड स्पीकर के निकलेगा, लेकिन ढोल, नगाड़े, ताशे और बैंड-बाजों पर रोक नहीं रहेगी। यह फैसला आचार संहिता लागू होने के चलते जिला प्रशासन और हिंदू उत्सव समिति पदाधिकारियों ने बुधवार को हुई बैठक में लिया है। चल समारोह 20 अक्टूबर को निकलेंगे। ऐसी ही व्यवस्था पूरे प्रदेश में रहेगी।
मध्यप्रदेश और देश की प्रमुख खबरें पढ़ने, MOBILE APP DOWNLOAD करने के लिए (यहां क्लिक करेंया फिर प्ले स्टोर में सर्च करें bhopalsamachar.com

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !