हरियाणा में पुलिस पर पथराव, 50 पुलिसकर्मी, 10 प्रदर्शनकारी घायल | NATIONAL NEWS

पानीपत। एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों में तत्काल गिरफ्तारी पर रोक लगाने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में दलित संगठनों ने सोमवार को भारत बंद रखा। इस दौरान कैथल में सबसे ज्यादा तनावपूर्ण हालात हैं। यहां भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इस फायरिंग में 10 लोग घायल हुए हैं, उन्हें गोली के छर्रे लगे हुए हैं। वहीं पत्थरबाजी में 50 पुलिसकर्मी घायल हैं। पूरे हरियाणा में प्रदर्शन जारी है। 

कैथल में सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी लघु सचिवालय पहुंचे। वे वहां नारेबाजी करने के बाद बस स्टैंड पर पहुंचे। यहां टिकट काउंटरों पर तोड़फोड़ की और सभी शीशे तोड़ दिए। समय सारिणी बताने के लिए लगाई गई एलईडी स्क्रीन तोड़ दी गई। यहां से निकलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने रेलवे लाइन से गुजर रहे एक ट्रेन के इंजन को निशाना बनाया और पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसमें इंजन के सभी शीशे तोड़ दिए गए। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उनपर पत्थरबाजी कर दी। 

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हवाई फायरिंग की। जिसमें 10 लोग घायल हो गए। इन्हें गोली के छर्रे लगे हैं। वहीं 50 पुलिसकर्मी जख्मी हैं। उन्हें पत्थर लगे हैं। सभी को कैथल के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

हिसार में बस का शीशा तोड़ा
हिसार में क्रांति मान पार्क में प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी ने निजी बस पर पत्थर फेंककर उसका फ्रंट शीशा तोड़ दिया। यहां के महावीर स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम मनोहर लाल खट्टर भी पहुंच रहे हैं। सोमवार को दलित समाज के लोगों ने पहले जुलूस निकाला। उन्होंने सीएम के कार्यक्रम स्थल की तरफ जाने की कोशिश भी की लेकिन पुलिस ने उन्हें जाने नहीं दिया। यहां बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। आम लोगों को इस तरफ आने नहीं दिया जा रहा है।

जींद में हालात तनावपूर्ण
जींद में प्रदर्शन के दौरान रोडवेज बस को निशाना बनाया गया और उस पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए गए। प्रदर्शनकारी जबरदस्ती लोगों की दुकानें बंद करवा रहे हैं, जिसकी वजह से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। शहर के सबसे व्यस्त गोहाना मार्ग पर जाम लगा दिया गया है।

फरीदाबाद में लगाया जाम
वहीं फरीदाबाद के गुड़गांव रोड पर भी दलित संगठनों ने जाम लगा दिया। यहां सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

पानीपत में कई रास्ते बंद
पानीपत में करनाल की तरफ से आने वाले लोगों को शहर के अंदर नहीं आने दिया जा रहा है। शहर पूरी तरह बंद है। करनाल और पानीपत में नेशनल हाइवे नंबर-1 पूरी तरह से बंद किया गया है।

घरौंडा पर एनएच-1 के बीचों बीच जाम
घरौंडा में नेशनल हाइवे नंबर-1 पर जाम लगाया गया। यहां आधे घंटे तक बीच सड़क पर दलित बैठे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। घरौंडा के एसडीएम इमरान रजा ने इनसे ज्ञापन लिया। जिसके बाद जाम वे बीच सड़क से उठे। अभी तक हाइवे पर वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हुई है।

पलवल में हाइवे जाम
पलवल में नेशनल हाइवे को जाम किया गया है। यहां भी जोरदार प्रदर्शन चल रहा है।

रेवाड़ी डीसी दफ्तर पर प्रदर्शन
रेवाड़ी में डीसी दफ्तर पर प्रदर्शन जारी है। हजारों की संख्या में भीड़ यहां जुटी हुई है।

अन्य जिलों में भी प्रदर्शन जारी
रोहतक, करनाल, चरखी दादरी, अम्बाला, यमुनानगर में भी प्रदर्शन चल रहा हैं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !