भोपाल, 3 नवंबर 2026: मध्य प्रदेश शासन के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों की ऑनलाइन अटेंडेंस के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। सिंगरौली में दो अतिथि शिक्षकों की सेवा समाप्त करने के साथ ही उनको ब्लैक लिस्ट भी कर दिया गया है, मतलब अब वह कभी किसी दूसरे स्कूल में अतिथि शिक्षक के तौर पर काम नहीं कर पाएंगे। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि उन्होंने टेक्निकल चालबाजी करते हुए हमारे शिक्षक मोबाइल एप्लीकेशन में फर्जी ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज की थी।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति
सिंगरौली के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शिकायत मिली थी कि विद्यालय में कार्यरत अतिथि शिक्षक वर्ग-2 (गणित) श्री राकेश कुमार यादव विद्यालय में उपस्थित नहीं हो रहे हैं और मनमाने ढंग से 'हमारे शिक्षक एप्प' के जरिए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। इसके साथ ही वे 22 अक्टूबर 2026 से 24 अक्टूबर 2026 तक कर्मचारी उपस्थिति पंजी में भी हस्ताक्षर किए बिना अनुपस्थित रहे।शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने 24 अक्टूबर 2026 को अपराह्न में वीडियो कॉलिंग के माध्यम से विद्यालय व उपस्थिति पंजी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण और एजुकेशन पोर्टल के अवलोकन के दौरान श्री यादव की अनुपस्थिति और एप्प पर कूटरचित तरीके से दर्ज की गई फर्जी उपस्थिति की पुष्टि हुई।
वीडियो रिकॉर्डिंग से गुमराह करने की साजिश
नियम के अनुसार कारण बताओं नोटिस जारी किया गया। कारण बताओ नोटिस का जवाब देते हुए श्री राकेश कुमार यादव ने स्वीकार किया कि वे 22 से 24 अक्टूबर 2026 तक विद्यालय में भौतिक रूप से उपस्थित नहीं थे। जांच में स्पष्ट हुआ कि उन्होंने विद्यालय में कार्यरत अन्य अतिथि शिक्षक वर्ग-2 (अंग्रेजी) श्री जीतेन्द्र सिंह के साथ मिलीभगत कर पूर्व में रिकॉर्ड किए गए वीडियो के माध्यम से विद्यालय परिसर से एप्प पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराई थी। श्री जीतेन्द्र सिंह ने भी इस कूटरचित कार्य में सहयोग करने की बात स्वीकार की है।
कड़ी विभागीय कार्रवाई
दोनों अतिथि शिक्षकों के इस कृत्य को शिक्षकीय गरिमा के विपरीत और दंडनीय मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी सिंगरौली द्वारा निम्नलिखित कार्रवाई की गई है:
श्री राकेश कुमार यादव (अतिथि शिक्षक वर्ग-2, गणित) को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अतिथि शिक्षकीय कार्य से पृथक करते हुए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है।
श्री जीतेन्द्र सिंह (अतिथि शिक्षक वर्ग-2, अंग्रेजी) को फर्जी उपस्थिति दर्ज कराने में सहयोग करने के आरोप में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कार्य से पृथक कर ब्लैकलिस्ट किया गया है।
ब्लैकलिस्ट किए जाने के बाद दोनों शिक्षक शैक्षणिक सत्र 2026-27 की पूरी अवधि के दौरान राज्य की किसी भी शासकीय अथवा अशासकीय शैक्षणिक संस्था में अध्यापन कार्य नहीं कर सकेंगे।
आदेश की अवमानना नहीं अपराध है, FIR भी कर सकते हैं
इस मामले को लेकर माहौल काफी गर्म है। कार्रवाई का शिकार हुए अतिथि शिक्षकों के समर्थन में काफी कुछ दलीलें दी जा रही है परंतु इस तरह के मामले में कानून की एक बात को समझना जरूरी है। आईटी एक्ट के तहत इस तरह की गतिविधि को गलती नहीं बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ किया गया अपराध माना जाता है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 344 के तहत जानबूझकर उपस्थिति के सरकारी इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड में गलत प्रविष्टि करना एक गंभीर अपराध है। धारा 318 के तहत गलत उपस्थिति दिखाकर विभाग को धोखे में रखा और वेतन या आर्थिक लाभ प्राप्त करना एक दंडनीय अपराध है। धारा 336 के तहत धोखाधड़ी करने की आशय से फर्जी इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड बनाना गंभीर अपराध है। इन धाराओं में 7 साल जेल तक का प्रावधान है। यह मामला आदेश की अवमानना का नहीं बल्कि साजिश के तहत किए गए अपराध का मामला है। भारत में प्रचलित कानून किसी भी मजबूरी में, किसी भी प्रकार के अपराध करने की स्वीकृति नहीं देते।

