भोपाल। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक सुनील जोशी की हत्या और मालेगांव धमाकों की प्रमुख संदिग्ध साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को ब्रेस्ट कैंसर की ‘पॉजीट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी’ (पीईटी) जांच के लिए सोमवार को इंदौर ले जाया जाएगा।
जेल विभाग ने पीएचक्यू को पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को पत्र लिखा है। सोमवार को पुलिस बल की निगरानी में उन्हें इंदौर ले जाया जाएगा। प्रज्ञा का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने शुक्रवार को बताया कि पिछले कई दिनों से प्रज्ञा ठाकुर का इलाज पंडित खुशीलाल आयुर्वेदिक अस्पताल में चल रहा है। कुछ दिन पहले स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उन्हें पंडित खुशीलाल आयुर्वेदिक अस्पताल से जवाहरलाल नेहरू कैंसर रिसर्च अस्पताल ले जाया गया था। यहां डॉक्टरों ने पीईटी जांच इंदौर में कराने की सलाह दी थी। स्वास्थ्य खराब से उन्हें इंदौर ले जाने में दिक्कत हो रही थी। अब उनकी हालत पहले से ठीक है। उम्मीद है कि सोमवार को उन्हें इंदौर ले जाया जाएगा। गौरतलब है कि प्रज्ञा को महाराष्ट पुलिस ने मालेगांव बम धमाकों के मामले में गिरफ्तार किया था। बाद में मप्र पुलिस ने उन्हें सुनील जोशी की हत्या में कथित भूमिका के लिए फरवरी 11 में गिरफ्तार किया।