RSS: प्रतिनिधि सभा समाप्त, फिर भी कार्यकारिणी लिस्ट जारी नहीं हुई | NATIONAL NEWS

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रतिनिधि सभा में इस बार सबकुछ वैसा नहीं रहा जैसा कि 1925 से अब तक होता आया है। अंदर का माहौल काफी गर्म था। प्रतिनिधि सभा में सबकुछ तय हो जाता है परंतु इस बार सोमवार 12 मार्च को प्रतिनिधि सभा समाप्त हो जाने के बाद भी कार्यकारिणी की आधिकारिक लिस्ट जारी नहीं हुई। प्रमुख पदाधिकारियों के बीच देर रात तक चर्चाओं का दौर चलता रहा। नामों को लेकर उत्सुकता बनी रही। प्रतिनिधि सभा को देश की आदर्श चुनाव प्रणाली बताया जाता है परंतु इस बार आदर्श की परंपरा का निर्वाह नहीं हो पाया। 

सुरेश सोनी व समकक्ष पर विचार ही नहीं हुआ
संघ मामलों के जानकारों की मानें, तो कार्यकारिणी में कुछ नामों को लेकर सहमति नहीं बन पाई। संघ का एक वर्ग कुछ पदाधिकारियों का संघ में महत्व बढ़ाना चाहते थे। भाजपा व संघ के बीच राजनीतिक मामलों में संवाद की कड़ी माने जाने वाले सहसरकार्यवाह सुरेश सोनी जैसे पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी दिए जाने के निवेदन पर विचार ही नहीं किया गया। ऐसे ही कुछ मामले में साफ सहमति नहीं बन पाई। जल्द ही भाजपा में भी संगठनात्मक फेरबदल होने वाला है।

भाजपा में संघ के नेताओं की संख्या बढ़ेगी
संघ व भाजपा के बीच समन्वय के लिए​ विशेष कार्ययोजना पर विचार किया जा रहा है। कहा गया है कि संघ व भाजपा के कार्य में बढ़त हुई है। दोनों का समाज के बीच प्रभाव बढ़ा है। लिहाज संघ की ओर से भाजपा में ऐसे पदाधिकारी नियुक्त करने की पेशकश की गई है जो संघ पृष्ठभूमि के हो।

भाजपा नेताओं ने भी रखीं शर्तें
उधर भाजपा का नेतृत्व कर रहे प्रमुख नेताओं की भी अपनी कुछ शर्ते हैं। समाज व सत्ता के लिए किए जाने वाले कार्यों की शैली व प्रणाली को लेकर मतभेद हैं। विविध स्थितियों को देखते हुए संघ की पूरी कार्यकारिणी घोषित नहीं की जा सकी है।

सिर्फ सहसरकार्यवाहों की संख्या बढ़ाई गई
गौरतलब है कि संघ में सरकार्यवाह के सहयोग के लिए सहसरकार्यवाहों की संख्या 4 से 6 कर दी गई है लेकिन अन्य प्रमुख विभागों के लिए पदाधिकारियों के नाम घोषित नहीं किए गए हैं। बौद्धिक विभाग, शारीरिक विभाग, संपर्क विभाग, सेवा विभाग व व्यवस्था विभाग का संघ के संगठनात्मक मामले में काफी महत्व है। इन विभागों के प्रमुखों के नाम सामने नहीं आ पाए हैं।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !