बेंगलुरु। कांग्रेस प्रेसिडेंट राहुल गांधी ने यूपीए सरकारों के कामकाज की आलोचना करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लिया। कर्नाटक में एक चुनावी रैली में राहुल ने शनिवार को कहा कि मोदी पिछला शीशा देखकर देश चला रहे हैं, इसी के चलते एक्सीडेंट होंगे। देश पीएम से फ्यूचर के बारे में सुनना चाहता है। उन्होंने कहा आपको पुरानी बातें करने के लिए प्रधानमंत्री नहीं बनाया। बता दें कि राहुल कर्नाटक के 4 दिन के चुनावी दौरे में सबसे पहले मंदिर गए। इससे पहले गुजरात में अपने 85 दिन के कैम्पेन में वह 27 मंदिरों में गए थे। कर्नाटक में इसी साल विधानसभा चुनाव हैं।
मोदी फ्यूचर की बात क्यों नहीं करते?
राहुल गांधी ने कहा, ''आप (नरेंद्र मोदी) सिर्फ पिछला शीशा देखकर गाड़ी चलाते हैं, जिससे आगे एक्सीडेंट होंगे। यह देश पीछे देखकर नहीं चलाया जा सकता है। मोदी जी भविष्य की बात नहीं करते। युवाओं को रोजगार नहीं देते। संसद में एक घंटे का भाषण दिया लेकिन किसानों पर कुछ नहीं बोले। एक घंटे तक कांग्रेस पार्टी और पुरानी बातें ही करते रहे। देश अपने पीएम से फ्यूचर के बारे में सुनना चाहता है। देश ने आपको इतिहास की बातें करने के लिए प्रधानमंत्री नहीं बनाया है।
मोदी जनता से झूठे वादे करते हैं
कांग्रेस प्रेसिडेंट ने कहा, ''मोदी करप्शन के खिलाफ लड़ाई लड़ने की बात करते हैं, लेकिन बीजेपी की सरकार में ही येदियुरप्पा ने भ्रष्टाचार कर रिकॉर्ड कायम किए थे। बाद में उन्हें कुर्सी गंवानी पड़ी थी। केंद्र सरकार को कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार से बहुत कुछ सीखने की जरूरत है। मोदी जी झूठे वादे करते हैं, देश को झूठे सपने दिखाते हैं। उन पर भरोसा करके आपको फायदा नहीं होगा। कांग्रेस पार्टी जो कहती है, वो करती है।
राहुल ने राफेल डील पर क्या कहा?
राफेल डील का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर तंज कसा। कहा- मोदी सरकार ने फ्रांस की एक कंपनी से राफेल फाइटर जेट खरीदे। मोदी खुद पेरिस गए और कॉन्ट्रैक्ट चेंज कराया। पहले यह कॉन्ट्रैक्ट हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड कंपनी को दिया गया था। मोदी ने यह एचएएल से वापस लेकर अपने दोस्त को दे दिया।
राहुल की मंदिर पॉलिटिक्स
दिसंबर में गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 77 सीटों पर जीत दर्ज की, जो पिछली बार के मुकाबले 16 ज्यादा हैं। 2012 के चुनाव में उसे 61 सीटें मिली थीं। प्रचार में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी थी। पार्टी ने इस बार नई स्ट्रैटजी के तहत मंदिर पॉलिटिक्स पर जोर दिया। राहुल ने अपने 85 दिन के कैम्पेन में गुजरात के 27 मंदिरों के दर्शन किए और इसी इलाके में रैलियां कीं। राज्य की करीब 87 सीटें मंदिरों से प्रभावित मानी जाती हैं। कांग्रेस को इनमें से 47 पर जीत मिली। दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 महीने में 4 मंदिर गए। बीजेपी को कुल 182 में से 99 सीटों पर जीत मिली।