शिवपुरी। कोलारस विधानसभा के उपचुनाव के वोटो की गिनती शुरू हो चुकी है। अभी पहले राउंड की घोषणा हुई है इसमें कांग्रेस 886 वोटों से आगे चल रही है। वहीं मतगणना केन्द्र में कांग्रेस नेता हरिओम रंघुवशी और रामवीर यादव ने आरोप लगाए है कि ईव्हीएम मशीनों की सीलें हमे टूटी मिली हैं, वीपीटी पेडो की पर्चिया बाहर मिली हैं। इस चुनाव में प्रशासन भाजपा के जिताने के लिए कुछ भी कर सकता है। प्रशासन मीडिया से मतगणना केंद्र से दूर रखने की कोशिश कर रहा है। मीडिया कर्मी सुबह से अब तक 2 बार हंगामा कर चुके हैं। मुंगावली में पहले 2 राउंड में भाजपा आगे चल रही है। कुल 302 वोटों का अंतर है।
शिवपुरी में कलेक्टर तरुण राठी पर पक्षपात का आरोप लगते रहे हैं। चुनाव में मतदाता सूची में गड़बड़ी के मामले में वो फंस चुके हैं। कोलारस विधानसभा की मतदाता सूची में मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं के नाम बड़ी संख्या में पाए गए हैं। ऐसे मतदाताओं की संख्या 13 हजार से ज्यादा बताई जा रही है। यह बात भी शिवपुरी कलेक्टर ने गुरुवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भेजी रिपोर्ट में बताई। इसे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने काफी आपत्तिजनक मानते हुए अपनी रिपोर्ट प्रतिकूल टिप्पणियों के साथ भेजी है।
बताया जा रहा है कि मतदान से ठीक पहले रिपोर्ट मिलने से आयोग के पास कोई विकल्प नहीं था, इसलिए पीठासीन अधिकारियों को अलग से मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं की सूची बनाकर दी गई। इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में मतदाता सूची को लेकर उठे प्रश्न से पूरी मतदाता सूची की साख पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर कलेक्टर के साथ निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और बूथ लेवल ऑफिसरों पर गाज गिर सकती है।