भोपाल। जहाँगीराबाद मोहल्ले में रहने वाली भारतीय जूनियर हाकी टीम की गोल कीपर सुश्री खुशबू को पक्का घर मिलेगा। आज “हाउसिंग फॉर आल” (प्रधानमंत्री आवास योजना) में नगर निगम के उपायुक्त श्री प्रदीप जैन ने खुशबू के परिवार का पात्रतानुसार सर्वे करवाया। सर्वे के पश्चात परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अधिकार पत्र सौंप दिया गया। खुशबू अपने परिवार के सात सदस्यों के साथ जहाँगीराबाद में रहती है। बता दें कि इसी खुशबू को भाजपा विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह ने जलील करके भगा दिया था।
खुशबू को योजना में मकान बनने तक नगर निगम भोपाल द्वारा बनवाये गये अस्थायी ट्रांजिट केम्प में रहने का विकल्प भी दिया गया है। मकान बनने के पश्चात खुशबू तथा उसके परिवार को वहाँ शिफ्ट कर दिया जायेगा। खुशबू के पिता ने फोन पर बताया कि वे बहुत खुश हैं कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संज्ञान में आते ही तुरंत कार्यवाही होकर मकान का अधिकार पत्र उन्हें मिला।
बता दें कि खूशबू मदद की गुहार लेकर भाजपा विधायक एवं जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र नाथ सिंह के पास गई थी परंतु भाजपा विधायक ने उन्हे दुत्कार कर भगा दिया था। इतना ही नहीं यह भी बयान दिया था कि यदि खुशबू इतनी ही अच्छी खिलाड़ी होती तो उसे अब तक सरकारी नौकरी मिल गई होती। इसके अलावा विधायक ने महिला खिलाड़ी के लिए कुछ अपमानजनक शब्द भी कहे थे।