कोलारस और मुंगावली उपचुनाव में कांग्रेस के प्रमुख दावेदार | mp news

भोपाल। मध्यप्रदेश की विधानसभा सीट कोलारस और मुंगावली में उपचुनाव होने जा रहे हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रभाव वाली दोनों सीटों पर कांग्रेस की ओर से कई दावेदार सामने आए परंतु माना जा रहा है कि टिकट दोनों दिवंगत विधायकों के परिवारजनों को ही दिया जाएगा। कोलारस में स्व. विधायक राम सिंह यादव के बेटे महेन्द्र यादव के नाम पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है जबकि मुंगावली में स्व. विधायक महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा के भाई केके सिंह के नाम पर सहमति बनती नजर आ रही है। 

दोनों सीटों पर टिकट का फैसला सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को करना है। स्वभाविक है कि यह चुनाव सिंधिया की प्रतिष्ठा का चुनाव है। वो विधानसभा चुनाव 2018 में कांग्रेस का चेहरा भी हो सकते हैं। कोलारस सीट कांग्रेस विधायक राम सिंह के निधन से खाली हुई है। रामसिंह की बेटी मिथलेश यादव को भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वे कोलारस से जनपद सदस्य हैं लेकिन राजधानी में महेन्द्र सिंह यादव को ज्यादा उपयुक्त समझा जा रहा है। 

उधर महेंद्र सिंह कालूखेडा के भाई केके सिंह का मुंगावली से टिकट लगभग तय माना जा रहा है। केके सिंह पिछला चुनाव जावरा से लड़ना चाहते थे। इसके चलते उन्होंने नौकरी से वीआरएस ले लिया था। जावरा में कांग्रेस की गुटबाजी के चलते उनका ऐन वक्त पर टिकट कट गया था। इसलिए इस बार उन्हें मुंगावली से उपचुनाव में उतारने का तय हो गया। हालांकि इस सीट से करीब आधा दर्जन स्थानीय नेता भी टिकट की दावेदारी कर रहे है। दोनों ही उम्मीदवारों के नामों का ऐलान उपचुनाव का ऐलान होने के बाद ही होगा।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !