मप्र: आश्रम में अच्छा खाना के बदले लड़कियों का रेप | KHANDWA NEWS

खंडवा। स्टेडियम के पास सरकारी जमीन पर चार वर्ष से अवैध रूप से संचालित निशक्त आश्रम में अच्छा खाना देने के बदले 2 नाबालिग लड़कियों के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोप 60 वर्षीय आश्रम संचालक पूनमचंद मालवीया पर ही लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िताओं की उम्र 13 एवं 15 वर्ष है। बताया गया है कि आश्रम में घटिया खाना दिया जाता था। अच्छा खाना देने के बदले दुष्कर्म किया गया। 

पुलिस के अनुसार आरोपी पूनमचंद मालवीया निवासी मालवीया कॉलोनी लाल चौकी आश्रम में ही रहता है। रविवार रात उसने बालिका को अपने कमरे में बुलाया। जब वह नहीं आई तो अच्छा खाने का लालच दिया। इसके बाद बालिका उसकी बातों मे आ गई और कमरे में चली गई। कमरे में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। देर रात बालिका मौका देखकर आश्रम का पांच फीट का गेट फांदकर भाग निकली और कोतवाली पहुंची।

उसने एसआई सोनू सितोले को घटना से अवगत कराया। बालिका ने बताया कि तबेलेनुमा इस आश्रम में टीन शेड में पलंग रखे हुए हैं। यहीं पर हम रहते हैं। अंकल गंदे हैं। सितोले ने बताया कि आरोपी पूनमचंद पर 13 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया गया है। बड़ी बहन ने भी पुलिस को दुष्कर्म की बात बताई है। अस्पताल में दोनों बहनों के साथ मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।

नाम के आगे आरोपी लगाता है डॉक्टर
अधिकारियों के अनुसार आश्रम में मानसिक और निशक्त बालिका और महिलाओं को रखा जाता है। डरी-सहमी बालिकाओं ने बताया कि अच्छा खाने का लालच देकर अन्य बालिकाओं का भी शोषण किया जाता है। जानकारी के अनुसार मालवीया स्वयं के नाम के आगे डॉक्टर शब्द भी लगाता है। इसके साथ ही वह समय-समय पर आयोजनों के नाम पर शहर के प्रतिष्ठित लोगों से चंदा भी वसूलता था।

कार्रवाई की जाएगी
आश्रम में चल रही अवैध गतिविधियों का मामला संज्ञान में आया है। सरकारी जमीन पर बने आश्रम पर कार्रवाई की जाएगी। 
अभिषेक सिंह, कलेक्टर

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !