दिल्ली की सरकार को गुजरात की जनता ने झुका दिया: राहुल गांधी | GUJARAT ELECTION

शत्रुघ्न शर्मा/अहमदाबाद। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा किए गए जीएसटी दरों के संशोधन को गुजरात चुनाव का दवाब बताया। उन्होंने कहा कि 20 साल से इस राज्य में उद्योगपतियों की सरकार है परंतु अब जनता आवाज उठा रही है। इसीलिए उद्योगपतियों की चिंता करने वालों को जनता की फिक्र करनी पड़ रही है। राहुल ने कहा कि पेट्रोल-डीजल को भी इसके दायरे में लाया जाना चाहिए ताकि आम जनता को राहत मिले। दुनिया में घट रहे तेल के दामों का लाभ जनता को मिलना चाहिए। हिम्मतनगर में राहुल को काले झंडे दिखाए गए तथा मोदी-मोदी के नारे भी लगे। 

कांग्रेस की नवसर्जन यात्रा के चौथे चरण की शुरुआत राहुल गांधी ने गांधीनगर के अक्षरधाम मंदिर में दर्शन के साथ की। चिलोडा में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में महिलाओं को अधिक टिकट दिए जाएंगे। इसके बाद लोकसभा व राज्यसभा के चुनावों में भी महिलाओं को अधिक महत्व मिलेगा। केंद्र सरकार की ओर से एक दिन पहले ही जीएसटी की दरों में सुधार पर राहुल ने कहा कि गुजरात की जनता ने केंद्र सरकार को झुका दिया। 

राहुल ने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपानी को भी आ़़डे हाथ लिया है। रुपानी की कंपनी के जरिए शेयर खरीद-फरोख्त के मामले को लेकर राहुल ने सेबी के नोटिस का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने बेईमानी की, जिससे उनकी कंपनी पर जुर्माना लगा। राहुल बोले कि गुजरात में सामान्य लोगों को सरकार दबा रही है। शिक्षा व स्वास्थ्य सेवा का व्यापारीकरण हो गया। 22 साल से लोगों को उद्योगपतियों की सरकार की आदत प़़ड गई लेकिन अब कांग्रेस जनता की सरकार बनाकर दिखाएगी। 

चुनाव प्रचार के लिए उतरी केंद्रीय मंत्रियों की फौज पर चुटकी लेते हुए राहुल ने कहा कि भले मोदीजी, अमित शाह, निर्मला सीतारमनजी और अन्य मंत्री प्रचार के लिए गुजरात आ रहे हों लेकिन दिसंबर में भाजपा वापस सरकार में नहीं आएगी। देर शाम राहुल अंबाजी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने आरती की। गौरतलब है कि गत दिनों प्रधानमंत्री मोदी अक्षरधाम मंदिर के रजत जयंती समारोह में शामिल होने के लिए गांधीनगर आए थे। राहुल के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी, कांग्रेस प्रभारी अशोक गहलोत आदि नेता भी यात्रा में शामिल हैं।

भाजपा में 20 फीसदी टिकट महिलाओं को मिलेगा
प्रत्याशियों के चयन के लिए गांधीनगर में प्रदेश भाजपा नेताओं के संसदीय बोर्ड की दूसरे दिन भी बैठक हुई। प्रदेश भाजपा प्रत्याशियों का एक पैनल तैयार कर केंद्रीय चुनाव समिति को भेजेगी। भाजपा इस बार महिलाओं को ब़़डी संख्या में मैदान में उतारेगी। चर्चा है कि भाजपा 20 फीसदी सीटों पर महिलाओं को टिकट देगी। गत विधानसभा में भाजपा के टिकट पर 12 तथा कांग्रेस के टिकट पर तीन महिलाएं चुनाव जीतकर आई थीं। राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल को बनाने का श्रेय भी भाजपा के खाते में जाता है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !