CM, कमिश्नर और कलेक्टर को निर्वस्त्र करने वाला कार्टूनिस्ट गिरफ्तार

नई दिल्ली। देश भर में सत्ताधारी लोग अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन करने का प्रयास कर रहे हैं। लोगों को डराया धमकाया जा रहा है। मीडिया पर पाबंदियां लगाने की कोशिश की जा रही है। राजस्थान सरकार ने एक काला कानून बनाया है तो मोदी सरकार ने तय किया है कि यदि उसके खिलाफ खबरें छापी गईं तो सरकारी विज्ञापन नहीं दिए जाएंगे। कर्नाटक में एक महिला पत्रकार की हत्या कर दी गई। अब तमिलनाडु में एक कार्टूनिस्ट का इसलिए गिरफ्तार कर लिया क्योंकि उसने सीएम और कलेक्टर का कार्टून बनाते हुए सिस्टम पर तंज कसता कार्टून छाप दिया था। कार्टूनिस्ट बाला ने 'हमाम में सब नंगे हैं' की तर्ज पर कार्टून बनाया था। कार्टून में सभी को नंगा दिखाया गया है और वो नोटों से अपने अंग छुपा रहे हैं। सामने एक गरीब इंसान जिंदा जल रहा है। 

पुलिस ने बताया कि तिरुनेलवेली की एक पुलिस टीम ने चेन्नई से बाला को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि तिरुनेलवेली के जिला कलेक्टर संदीप नंदूरी की शिकायत पर बाला को गिरफ्तार किया गया। कार्टून में शहर के पुलिस प्रमुख और कलेक्टर का चित्रण भी किया गया था। एक साहूकार के कथित रूप से परेशान किये जाने के कारण एक व्यक्ति ने पत्नी और दो बच्चों के साथ तिरुनेलवेली कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह कर लिया था। इसके बाद 26 अक्टूबर को कार्टून को वेबसाइट पर अपलोड किया गया था।

तिरुनेलवेली में एक मजदूर पी इसाकिमुथु ने पत्नी सुब्बुलक्ष्मी, चार साल की बेटी और 18 महीने के बेटे के साथ कलेक्टर दफ्तर के बाहर आत्मदाह कर लिया था। इसमें पत्नी और दोनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि वह खुद 75 फीसदी तक झुलस गए। इसाकिमुथु ने एक साहूकार से कर्ज लिया था। पैसे लौटाने के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा था। इससे पहले 2012 में कानपुर के कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी को भी आपत्तिजनक कार्टून बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !