रायपुर। संविलियन से दो टूक इंकार कर चुके मुख्यमंत्री रमन सिंह अब कुछ नरम पड़ते नजर आ रहे हैं। बेमियादी हड़ताल और फिर क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षाकर्मियों को बर्खास्तगी की तलवार दिखाने के बाद अब सरकार ने बातचीत का न्योता भेजा है। शिक्षाकर्मियों और अपर मुख्य सचिव के बीच शुक्रवार को बैठक होगी। छत्तीसगढ़ में शिक्षाकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं और अब तक सरकार भी सख्त थी।
शिक्षक पंचायत ननि मोर्चा के संचालकों के साथ शुक्रवार को 12 बजे मंत्रालय में अपर मुख्य सचिव आर पी मंडल के साथ बैठक करेंगे। बैठक में हड़ताल खत्म करने पर चर्चा हो सकती है। शिक्षक मोर्चा के प्रदेश संचालक और आंदोलन की अगुवाई कर रहे संचालक मंडल के सदस्य संजय शर्मा ने इस बारे में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री रमन सिंह पहले कह चुके हैं कि संविलियन नहीं होगा, बातचीत का रास्ता खुला है आकर बात करें। कोरबा में भी सीएम ने यही बात दोहराई थी। शिक्षाकर्मियों की हड़ताल को लेकर सरकार ने सख्त निर्देश भी जारी किए थे। विपक्ष लगातार शिक्षाकर्मियों की मांग का समर्थन कर रहा है। ऐसे में ये मीटिंग बहुत महत्वपूर्ण होगी।