बैतूल में सामने आई जानलेवा लव स्टोरी: क्राइम पेट्रोल से भी सनसनीखेज कहानी

बैतूल। ये एक ऐसी लवस्टोरी है जिसका अंत 4 जिंदगियों के खात्मे के साथ हुआ। एक युवक की हत्या हो गई। एक युवती ने सुसाइड कर लिया जबकि उसकी बड़ी बहन फरार थी जो अब सलाखों के पीछे है। दोनों युवतियों का भाई भी जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस कहानी को कभी नहीं खोज पाती यदि फरार हुई युवती अपने मामा के घर ना आती और मृत युवक के परिवारवाले जासूसी ना करते। कहानी की शुरूआत 10 जुलाई 2017 से हुई। नीमपानी गांव के विजय ठाकुर के खेत के कुएं में एक युवक की लाश तैरती हुई मिली। पुलिस ने पीएम कराया तो पता चला कि शव 4 दिन पुराना है। शिनाख्ती प्रक्रिया में पता चला कि युवक पलासपानी गांव का रहने वाला है और उसका नाम ब्रजलाल धुर्वे (24) है। 

इस घटना का खुलासा होने के बाद उसी गांव की एक युवती रसीला इवने ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली और उसकी बड़ी बहन मीना फरार हो गई। मृतक ब्रजलाल के परिजनों का संदेह था कि युवती की आत्महत्या और ब्रजलाल की हत्या में जरूर कोई कनेक्शन है परंतु पुलिस इसे मानने को तैयार नहीं थी। वो रसीला की आत्महत्या के लिए उसकी बड़ी बहन को दोषी मान रही थी जो फरार हो गई थी। 

ब्रजलाल के परिवारवालों ने पुलिस की जांच से अलग अपने स्तर पर छानबीन करना शुरू किया तो पता चला कि ब्रजलाल का मीना से मिलना जुलना था। मीना फरार थी अत: जब तक मीना नहीं मिल जाती तब तक यह पता लगाना मुश्किल था कि ब्रजलाल के साथ जो हुआ उसके बारे में मीना को कुछ पता भी है या नहीं। हत्यारे का नाम और हत्या का कारण जानने के लिए मीना ही एक उम्मीद थी अत: ब्रजलाल के परिवारजनों ने मीनों की जासूसी शुरू की। 

5 माह बाद मीना अपने मामा के एक रिश्तेदार रामलाल उइके के घर आई हुई थी तभी ब्रजलाल के घरवालों को पता चल गया। वो पुलिस लेकर पंहुच गए। पुलिस ने मीना से पूछताछ की तो कहानी कुछ और ही सामने आई। एक ऐसी लव स्टोरी जिसकी उम्मीद कोई नहीं कर रहा था। 

लव स्टोरी में चौंकाने वाला खुलासा
मीना ने बताया कि ब्रजलाल ने उसे प्रपोज किया था। कई वादे किए। वो भी ब्रजलाल से प्यार करती थी। दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बन गए थे। ब्रजलाल ने वादा किया था कि वो मीना से शादी करेगा। इधर मीना की छोटी बहन रसीला भी किसी से प्यार करती थी। दोनों बहनें जिंदगी के सबसे अच्छे दिन बिता रहीं थीं। एक दिन बातचीत के दौरान मीना को रसीला ने अपने बॉयफ्रेंड का नाम बताया। मीना चौंक उठी क्योंकि रसीला के प्रेमी का नाम भी ब्रजलाल ही था। दरअसल, ब्रजलाल दोनों बहनों से प्यार कर रहा था। दोनों के साथ उसने शारीरिक संबंध बना लिए थे। 

वो दोनों बहनों से शादी करने को तैयार था
मीना ने अपनी बहन को बताया कि ब्रजलाल दोनों को धोखा दे रहा है। मीना तमतमाई हुई थी। उसने अपने भाई मनोज को भी सारी बात बताई। फिर मीना और मनोज ने मिलकर बनाई एक खतरनाक साजिश। मीना ने ब्रजलाल को विजय ठाकुर के खेत में मिलने के लिए बुलाया। जैसे ही ब्रजलाल वहां पहुंचा तो दोनों बहनों के साथ मनोज भी वहां था। ब्रजलाल समझ गया कि राज खुल चुका है। उसने मीना से बातचीत की और कहा कि वो दोनों बहनों से शादी करने को तैयार है परंतु मीना और मनोज को प्लान बना चुके थे। उन्होंने ब्रजलाल को जमीन पर पटका और गला घोंट दिया। उसकी लाश को कुएं में फैंक दिया। इस हत्याकांड की ग्लानिवश छोटी बहन ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली जबकि मीना फरार हो गई। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !