भगवान श्रीराम ने किया भ्रष्टाचार का विरोध, रावण दहन नहीं किया

नई दिल्ली। कानून में कितनी भी सख्त सजाएं बना ​लीजिए भ्रष्टाचार का सामाजिक विरोध ही उसे रोक सकता है। भ्रष्टाचारी का सामाजिक बहिष्कार ही न्यायोचित दण्ड हो सकता है। राजस्थान के सिरोही शहर में नगर परिषद की ओर से आयोजित दशहरा उत्सव समारोह में ऐसा ही हुआ जब भगवान श्रीराम का पात्र बने कलाकार ने रावण का पुतला दहन करने से इसलिए इंकार कर दिया क्योंकि कार्यक्रम का मुख्य अतिथि एक ऐसा व्यक्ति बना दिया गया था जिस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हुए हैं। 

वहीं दूसरी ओर भाजपा पार्षदों ने भी दशहरा उत्सव को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सबसे बड़ी बता तो यह है कि नगरपरिषद के भाजपा को बोर्ड होने के बावजूद राज्यमंत्री ओटाराम देवासी व जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया का निमंत्रण पत्र में नाम नहीं लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सामने अटपटी स्थिति खड़ी हो गई। आनन-फानन में भीड़ में बैठे एक बच्चे को राम की वेशभूषा पहनाई गई और फिर उसने रावण का दहन किया। इससे पूर्व राम बनकर आए युवक ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर रावण का दहन करने से इनकार कर दिया।

उसका कहना था कि मंच पर रावण बैठे हैं, जो विकास कार्यों में भ्रष्टाचार करते हैं। शहर में कितना विकास हुआ, कहां है यह तो बताएं। इसी तरह के आरोप लगाते हुए अंत में युवक ने कहा कि आज राम निराश होकर लौट रहा है और वह रावण का दहन नहीं करेगा। इसके बाद श्रीराम की पूरी सेना वापस लौट गई।

नगर परिषद की ओर से छपवाए गए आमंत्रण पत्र पर मुख्य अतिथि के तौर पर कलेक्टर संदेश नायक और अध्यक्ष के तौर पर एसपी ओमप्रकाश का नाम था, लेकिन दोनों ही कार्यक्रम में नहीं आए। तय समयानुसार शाम छह बजे रावण दहन होना था। सभी लोग आ चुके थे। पूरा शहर एकत्रित था। जयघोष हो रहे थे। इसी बीच रामजी की शोभायात्रा पहुंची। लोगों ने जयकारे लगाए। कार्यक्रम शुरु हुआ। अतिथि मंच पर बैठे थे। इसी दौरान राम बने युवक ने रावण दहन से इनकार कर दिया।

आनन-फानन में भीड़ में बैठे एक बच्चे को बुलाया गया। उसे श्रीराम की वेशभूषा पहनाई गई। इसी बच्चे ने आखिर में रावण का दहन किया, लेकिन इस विवाद ने जिले की राजनीति में एक नया मुद्दा खड़ा कर दिया है। लोगों में राजनेताओं के प्रति एक बार फिर नाराजगी सामने आई है।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !