नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल इन दिनों भाजपा के टारगेट पर है। पिछले 6 महीनों में भाजपा ने कश्मीर से ज्यादा पश्चिम बंगाल के मामले उठाए हैं। बताया जा रहा है कि बंगाल में हिंदू खतरे में है। इधर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी सीधे टक्कर ले रहीं हैं। ज्यादातर चुनावों में भाजपा की जीत के बावजूद ममता को भरोसा है कि 2019 में अमित शाह का भ्रम टूट जाएगा। अमित शाह ने ऐलान किया है कि 2019 में भाजपा 350 से ज्यादा सीटें लेकर आएगी।
ममता बनर्जी ने कहा है कि इस बार सत्ता परिवर्तन होगा, क्योंकि समूचा विपक्ष एकजुट हो गया है। ममता ने 'राइजिंग बंगाल 2017' कार्यक्रम में कहा कि अब तक कोई मोर्चा नहीं गठित किया गया है, लेकिन विपक्षी पार्टियां एक मंच पर आ गई हैं। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा, '2019 में केंद्र में बदलाव होगा। हम इसका इंतजार कर रहे हैं। अब तक कोई मोर्चा नहीं बना है, लेकिन विपक्षी पार्टियां एक मंच पर आ गई हैं और काम करना शुरू कर दिया है। छह महीने इंतजार कीजिये, चीजें स्पष्ट हो जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी नेता इतनी जल्दी नहीं बोलेंगे अन्यथा केंद्रीय एजेंसियों को उनके पीछे लगा दिया जाएगा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजद और कांग्रेस वाले महागठबंधन को छोड़ने पर बनर्जी ने कहा, 'आप एक नीतीश कुमार के बारे में सोच रहे हैं, लेकिन मैं सैकड़ों शरद यादव, सैकड़ों लालू प्रसाद और सैकड़ों अखिलेश यादव के बारे में सोच रही हूं। गोरखपुर में सरकारी अस्पताल में हाल में बच्चों की मौत पर उन्होंने कहा कि जो कुछ भी हुआ है वो सही नहीं है। बीजेपी वाले भाषण दे सकते हैं, लेकिन अच्छा काम नहीं कर सकते।