SIDHI: रेत चोरी का आरोपी, नेता प्रतिपक्ष समर्थक, भाजपा किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष

भोपाल। शुचिता, संस्कार और राजनीति में शुद्धता का दावा करने वाली भाजपा में दागी नेताओं की ताजपोशी के किस्से सामने आने लगे हैं। 21 जून को भोपाल से जारी हुई भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं खनिज कारोबारी रणवीर सिंह रावत ने सीधी में रेत चोरी के फरार आरोपी को जिलाध्यक्ष बना दिया। अब मामला सुर्खियों में आ गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं में भी इस नियुक्ति को लेकर असंतोष देखा जा रहा है। देखना यह है कि क्या कांग्रेस इस नियुक्ति को मुद्दा बनाएगी या नेताप्रतिपक्ष अजय सिंह के दवाब के चलते मामले में चुप्पी साध ली जाएगी। 

कौन है सुरेश सिंह चौहान
कांग्रेस नेता अजय सिंह के स्वागत का होर्डिंग
सुरेश सिंह चौहान आर्मी से रिटायर्ड हुए हैं। इसके बाद इन्होंने ठेकेदारी शुरू कर दी। कहा जाता है कि ये भाजपा के प्रदेश महामंत्री अजय प्रताप सिंह के करीबी हैं। भाजपा के नियमित कार्यक्रमों में कभी दिखाई नहीं दिए। पिछले दिनों कांग्रेस के जिला महामंत्री ज्ञान सिंह के जन्मदिन 13 जून को सुरेश सिंह चौहान ने मिठाईयां बांटी। कांग्रेस नेता अजय सिंह जब नेता प्रतिपक्ष बने और सीधी आए तब सुरेश सिंह ने होर्डिंग लगाकार उनका स्वागत किया है। सीधी में भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता अचंभित हैं कि सुरेश सिंह किसान मोर्चा के अध्यक्ष कैसे बन गए। 

मई में दर्ज हुआ रेत चोरी का मामला
बताया जा रहा है कि सुरेश सिंह की ट्रेक्टर ट्रॉली सोन नदी से अवैध रूप से रेत का खनन कर परिवहन करते हुए पकड़ी गई। घटना 12 मई के आसपास की है। जैसे ही सुरेश सिंह को पता चला वो बोलेरो पर भाजपा का झंडा लगाकर आए और पुलिस वालों से अभद्रता करते हुए ट्रेक्टर ट्रॉली छुड़ा ले गए। पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 353, 186, 379 एवं वन अधिकार अधिनियम 26, 27, 52, 41 के तहत मामला दर्ज किया है। बताया गया है कि इनकी नियुक्ति दिनांक तक इस मामले में सुरेश सिंह को जमानत नहीं मिली थी और ना ही उनकी गिरफ्तारी हुई थी। 

जिलाध्यक्ष ने भेजा था नाम: अजय सिंह
भाजपा के महामंत्री अजय सिंह ने भोपाल समाचार को बताया कि सुरेश सिंह चौहान का नाम सीधी के जिलाध्यक्ष की ओर से आया था। इनके नाम पर समिति ने विचार विमर्श किया और उसके बाद ही नियुक्ति की गई। अजय सिंह का कहना है कि सुरेश सिंह 2003 से भाजपा के कार्यकर्ता हैं। कांग्रेस नेताओं के स्वागत सत्कार के मामले में उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की। साथ ही स्वीकार किया कि सुरेश सिंह से उनका पुराना परिचय है। 

कोई बड़ा विषय नहीं है: प्रदेशाध्यक्ष किसान मोर्चा
कांग्रेस महामंत्री ज्ञान सिंह के जन्मदिन पर
भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत का कहना है कि भाजपा में मोर्चा के प्रदेशाध्यक्षों को सीधी नियुक्ति के अधिकार नहीं है। जिलों से नाम आते हैं। इस नियुक्ति में भी इसी प्रक्रिया का पालन किया गया। रेत चोरी की एफआईआर के संदर्भ में रावत ने कहा कि पुलिस के अधिकारी दुर्भावनावश भी मामले दर्ज कर लेते हैं। मेरी बात हुई है। जो वाहन पकड़ा गया वो सुरेश सिंह का नहीं था। दुर्भावनावश मामला दर्ज हुआ। ​कांग्रेस नेताओं के स्वागत सत्कार के संदर्भ में रावत ने चौहान को क्लीन चिट देते हुए कहा कि नेताओं के स्थानीय स्तर पर व्यक्तिगत संबंध भी होते हैं। यदि कोई किसी के स्वागत होर्डिंग में किसी का फोटो लगा दे तो क्या कर सकते हैं। यह बड़ा विषय नहीं है। 
---------------
नवनियुक्ति जिलाध्यक्ष श्री सुरेश सिंह चौहान का पक्ष जानने के लिए प्रदेशाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत से उनका फोन नंबर मांगा गया परंतु समाचार लिखे जाने तक श्री रावत की ओर से उपलब्ध नहीं कराया गया।

सुरेश सिंह खिलाफ षडयंत्र किया जा गया है:जिलाध्यक्ष
भाजपा के सीधी जिलाध्यक्ष लाल चंद गुप्ता का कहना है कि ये जो कुछ भी हो रहा है। सुरेश सिंह के खिलाफ षडयंत्र है। वो 10 साल से भाजपा के कार्यकर्ता हैं। 2 साल तक सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रहे हैं। उनका नाम किसान मोर्चा के लिए मैने ही भेजा था। उन्होंने कहा कि अजय सिंह के होर्डिंग में जो उनका फोटो लगाया गया है वो कांग्रेसियों ने षडयंत्रपूर्वक लगाया था ताकि भाजपा का नेतृत्व सुरेश सिंह जैसे कद्दावर नेता के खिलाफ कार्रवाई करे और सीधी में भाजपा कमजोर हो जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जो एफआईआर की है वो गलत है। कांग्रेस जिला महामंत्री के जन्मदिन वाले मामले में गुप्ता ने कहा कि यह उनके व्यक्तिगत संबंध हैं। राजनीति में संबंध निभाने पड़ते हैं। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !