किसानों पर गोली चलाने वाली BJP सरकार को बेदखल करके रहेंगे: कमलनाथ

धार। नर्मदा किनारे आज किसानों की मांगों को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं छिंदवाड़ा सांसद कमलनाथ ने सरकार को ललकारा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही किसानों की हक की लड़ाई लड़ती रही है। अब भी भाजपा सरकार प्रदेश में किसानों को लेकर नहीं चेती तो उसे कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान मिलकर सत्ता से बाहर कर देंगे। कांग्रेस ने किसानों की मांगों को लेकर आज धार जिले के खलघाट में महाकिसान पंचायत का आयोजन किया है। इसमें प्रदेश कांग्रेस के सभी दिग्गजों के साथ ही हजारों किसान शामिल हुए। किसानों और कांग्रेस नेताओं ने मिलकर चक्काजाम भी किया। 

मंदसौर में किसानों की गोली लगने से हुई मौत और हर दिन किसानों की आत्महत्या करने की खबरों के बीच कांग्रेस ने आज फिर किसानों को लेकर सरकार को जमकर घेरा है। कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने  साढ़े 13 साल कलाकारी की राजनीति की है। इस कलाकारी में वह किसानों को भी भूल गई। कांग्रेस किसानों के मान, सम्मान और हक के लिए लड़ाई लड़ती रही और और आगे भी लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि किसानों का कर्ज तत्काल माफ किया जाए। 

दिग्गजों ने दी गिरफ्तारी 
महापंचायत के बाद सभी दिग्गज नेताओं ने गिरफ्तारी दी। इससे पहले सभी ने चक्काजाम किया। इसके बाद सभी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।

18 साल पहले सुभाष यादव ने दिखाई थी ताकत 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने किसान महापंचायत में अपनी ताकत का अहसास कांग्रेस के सभी दिग्गज नेताओं को कराया है। उनके पिता सुभाष यादव ने भी 18 साल पहले इस स्थान पर किसान पंचायत की थी और चक्काजाम किया था। अरुण और उनकी टीम तीन दिन से लगातार यहां पर जुटी हुई थी। 

...मां नर्मदा के लगाए जयकारे 
किसान महापंचायत और जेल भरो आंदोलन के शुरू होने से पहले पीसीसी चीफ अरुण यादव ने मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की। वे आज सुबह खलघाट में नर्मदा नदी पर पहुंचे और पंडितों के मंत्रों की बीच उन्होंने पूजा की। इस दौरान मां नर्मदा के जयकारे भी लगाए गए। 

इंदौर से साथ चले हजारों समर्थक 
पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद कमलनाथ सुबह इंदौर पहुंचे। यहां पर उनकी अगवानी के लिए हजारों समर्थक पहले से ही एयरपोर्ट पर मौजूद थे। वे समर्थकों के साथ ही खलघाट की ओर रवाना हुए। इससे पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया कल रात में ही इंदौर पहुंचे गए थे। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी मोहन प्रकाश भी शुक्रवार को ही खलघाट पहुंच गए थे। 

लाशों पर राजनीति कर रही भाजपा
कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया भी आज जमकर सरकार पर गरजे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों की मांगों को लेकर अब ब्लॉक स्तर तक जाएगी। कांग्रेस किसानों के हक में मैदान में है। इसलिए अब उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने का काम सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि इससे डरने की जरुरत नहीं है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का उपवास अब नौटंकी साबित हो गया है। भाजपा किसानों की लाशों पर राजनीति कर रही है। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !