भोपाल। बुधवार 07 जून को पूरा मध्यप्रदेश शोकमग्न था। मंदसौर में पुलिस फायरिंग के दौरान 6 किसानों की मौत हो गई थी। सभी मृत किसानों की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे थे। संवेदनाएं जता रहे थे। सीएम शिवराज सिंह ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए लेकिन राजधानी भोपाल में एक भाजपा नेता ऐसा भी था जो अपने जन्मदिन का जश्न मना रहा था। चौंकाने वाली बात तो यह है कि इस जश्न में महापौर आलोक शर्मा भी शामिल थे।
अभय पंडितजी नाम के भाजपा नेता यूं तो मध्यप्रदेश और भोपाल के भाजपा पदाधिकारियों की सूची में कहीं दिखाई नहीं देते परंतु जिस धूमधाम के साथ इन्होंने अपना जन्मदिन मनाया, जरूर सुर्खियों में आ गए। उधर किसानों की शवयात्रा सजाई जा रहीं थीं, इधर जश्न की तैयारियां चल रहीं थीं। उधर किसानों की चिता की राख ठंडी नहीं हुई थी। इधर जश्न अपने पूरा शबाब पर था। कुछ लोगों ने नेताजी को बताया कि यह समय उचित नहीं है परंतु नेताजी कहां मानने वाले थे।
बताया जा रहा है कि अभय पंडितजी नाम के ये नेता भोपाल महापौर आलोक शर्मा के खास समर्थक हैं। इनके अलावा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग एवं सांसद आलोक संजर से भी पंडितजी के गहरे संबंध हैं। इन्हीं मजबूत रिश्तों के कारण अभय पंडितजी की राजनीति बिना पद के भी चमकती रहती है। इस तरह के मामलों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान अक्सर निष्कासन की कार्रवाई करते हैं परंतु यहां तो नेताजी पदाधिकारी ही नहीं हैं। देखते हैं नंदूभैया अब क्या कर पाते हैं।