हमने खेती को लाभ का धंधा बनाया, किसान संदेश यात्रा 27 से: नंदकुमार सिंह

उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस सबसे अधिक सत्ता में बनी रही लेकिन किसानों के हित में कोई काम नहीं किया। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के समय किसानों को विपरीत परिस्थितियों में खेती करना पड़ती थी लेकिन आज भाजपा सरकार की किसान हितैषी नीतियों से खेती लाभ का धंधा बनी है। इन 13 वर्षों में मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा हुआ है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान को जाता है। मुख्यमंत्री ने किसानों के कल्याण के लिए न सिर्फ योजनाएं बनायी बल्कि उन्हें धरातल पर साकार करने का भी काम किया है। 27 जून से प्रारंभ होने वाली किसान संदेश यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ता किसानों से संवाद करेंगे। यात्रा 6 जुलाई डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी के जन्मदिवस पर मंडल स्तर पर समाप्त होगी। यह बात श्री चौहान ने उज्जैन में संभागीय बैठक के दौरान कही।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के कुशल नेतृत्व ने एक के बाद एक लगातार किसान हित में निर्णय लिए है। कांग्रेस के शासनकाल में 3000 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता था जो आज 15000 मेगावाट तक पहुच गया है। खेती का रकबा 7.5 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 40 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाने का काम शिवराज सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिलता था लेकिन भाजपा सरकार ने किसानो को न सिर्फ जीरो प्रतिशत ब्याज पर कर्ज उपलब्ध करवाया बल्कि मूलराशि में भी 10 प्रतिशत की छूट देने काम काम किया है।

श्री चौहान ने कहा कि संवेदनशील मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान हमेशा किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े है। भाजपा सरकार ने किसानों के हित में काम करने का बीड़ा उठाया है, लेकिन शांति के इस टापू मध्यप्रदेश में अराजकता फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को कांग्रेस ने बढ़ावा दिया। कांग्रेस ने भोले भाले किसानो के शांतिपूर्ण प्रदर्शन की आड़ में अपनी राजनैतिक रोटियां सेंकने में कोई कसर नहीं छोड़ी। श्री चैहान ने कांग्रेस को आड़े हाथो लेते हुए कहा कि कांग्रेस का राजनैतिक स्तर निम्न तो था ही परन्तु इस आन्दोलन के माध्यम से सत्ता पाने को लालायित कांग्रेस अब तक के अपने सर्वाधिक निम्न स्तर को प्राप्त कर चुकी है। वीडियो क्लिपिंग के माध्यम से जिसमे कांग्रेस विधायकों एवं पदाधिकारियों ने हिंसात्मक एवं भड़काऊ बयान दिए है ये सिद्ध हो चुका है। कांग्रेस सत्ता पाने की लालसा में किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उज्जैन संभाग में उसी दिन से तिलमिला रही है जब से उसे संभाग की 29 में से 28 सीटों पर हार का मुंह देखना पड़ा। किसानो के शांति पूर्ण आन्दोलन को हिंसात्मक आंदोंलन में बदलने का घृणित पाप कांग्रेस ने किया है।

बैठक में स्वागत भाषण एवं अतिथि परिचय नगर जिलाध्यक्ष श्री इकबाल सिंह गाँधी एवं संचालन नगर महामंत्री श्री विवेक जोशी ने किया। आभार श्रीमती यशोदा बैरागी ने माना। बैठक में प्रमुख रूप से श्री बाबूलाल जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी सुश्री उषा ठाकुर प्रदेश महामंत्री द्वय श्री मनोहर ऊंटवाल, श्री बंशीलाल गुर्जर, संभागीय संगठन मंत्री श्री प्रदीप जोशी, प्रदेश मंत्री सुश्री कविता पाटीदार, प्रवक्ता व सांसद डॉ चिंतामणि मालवीय, श्री सुधीर गुप्ता, मंत्री श्री पारस जैन, प्रदेश प्रवक्ता श्री राजपालसिंह सिसौदिया, विधायक डॉ मोहन यादव, श्री कैलाश चावड़ा, श्री जगदीश देवड़ा, श्री दिलीप शेखावत, श्री अनिल फिरोजिया, श्री बहादुर सिंह चौहान, श्री सतीश मालवीय, श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, जसवंत हाडा, श्री अरुण भीमवद, श्री इन्दर सिंह परमार, श्री श्याम बंसल सहित संभाग में निवासरत पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, मोर्चा प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मंडी अध्यक्ष, निगम मंडल प्राधिकरण के अध्यक्ष, नगर पदाधिकारी मौजूद थे।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !