रिवाल्वर रानी गिरफ्तार, अपहृत दूल्हा मुक्त

नई दिल्ली। प्रेमिका को छोड़ दूसरी लड़की से शादी रचाने जा रहे युवक को प्रेमिका ने अगवा कर लिया। युवती ने दूल्हा बने युवक को जनवासे से ही बंदूक की नोक पर उठा लिया। हालांकि पुलिस ने अब इस युवती को गिरफ्तार कर लिया है। मामला यूपी के बांदा जिले का है। आरोपी रिवाल्वर रानी वर्षा साहू को पुलिस ने बांदा से पकड़ा है। पुलिस ने दूल्हे को भी काफी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र के मोहन पुरवा गांव निवासी रामहेत यादव का पुत्र अशोक कुमार यादव एक क्लीनिक में नौकरी करता था। वहीं काम करने वाली एक लड़की से अशोक के प्रेम संबंध हो गए। दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने समेत तमाम वादे भी किए मगर, अशोक मुकर गया। अशोक की शादी हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर गांव निवासी राम संजीवन की बेटी भारती से तय हो गई।

सोमवार को तय कार्यक्रम के अनुसार, अशोक की बरात भवानीपुर गांव आई थी। शाम को कन्या पक्ष ने बरातियों की आवभगत की। उसके बाद जयमाल कार्यक्रम और भोजन आदि हुआ। रात डेढ़ बजे करीब चढ़ावा चढ़ाने का कार्यक्रम चल रहा था और दूल्हा अशोक कुछ बरातियों के साथ जनवासे में मौजूद था। इसी बीच उसकी प्रेमिका दो युवकों के साथ स्कार्पियो से जनवासे में पहुंची और उसने अशोक के सिर पर तमंचा लगा दिया। वह बोली 'प्यार हमसे किया और शादी किसी दूसरे से..यह बर्दाश्त नहीं'।

अचानक प्रेमिका को इस रूप में देखकर दूल्हा बने अशोक की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई। अन्य बराती देखते रह गए और प्रेमिका अशोक को स्कार्पियो में बैठा कर फरार हो गई। घरातियों ने यूपी 100 को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हा अशोक के भाई जयेंद्र व फोटोग्राफर रामनाथ व उसके बेटे रोहित को हिरासत में लेकर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया।

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !