शिवराज सिंह ने खुद को देश का नंबर 1 मुख्यमंत्री बताया

भोपाल। अटेर उपचुनाव को शिवराज सिंह के विवादित बयानों के लिए भी दर्ज किया जाएगा। भाजपा की संस्थापक राजामाता सिंधिया के परिवार पर लांछन लगाने से शुरू हुए शिवराज सिंह के बयान खुद को देश का नंबर 1 मुख्यमंत्री बताने पर खत्म हुए। चुनावी सभा के दौरान उन्होंने कहा कि देष के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी नम्बर एक, भारतीय जनता पार्टी देश की नम्बर एक पार्टी, उन्होंने जनता से पूछा कि मुख्यमंत्रियों में नम्बर एक कौन ? जनता ने जबाव दिया शिवराज सिंह चौहान। 

सिंधिया विरोध से उपजा संकट 
अटेर चुनाव में कांग्रेस की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया सामना कर रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान इससे इतने घबराए हुए हैं कि उन्होंने सन् 57 की कही सुनी कहानियां चुनावी सभाओं में सुनाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि सिंधिया ने अंग्रेजों के साथ मिलकर अटेर की जनता पर बहुत जुल्म ढाए हैं। इस बयान के बाद अटेर में तो सिंधिया का पीड़ित कोई नहीं मिला उल्टा भाजपा में बवाल हो गया क्योंकि राजमाता विजयाराजे सिंधिया, भाजपा की संस्थापक सदस्य हैं। उन्होंने उस समय भाजपा को भरपूर पैसा दिया जब लोग भाजपा की सदस्यता भी नहीं लेते थे। अपने घर की जमा पूंजी खर्च करके उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों को चुनाव लड़वाया, प्रचार किया और जितवाया भी। वो भाजपा की सबसे पहली फायर ब्रांड महिला नेता हैं। शिवराज के इस बयान से राजमाता की बेटी और मप्र की कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे नाराज हो गईं। उन्होंने भी शिवराज सिंह को पुराने दिन याद दिला दिए। जब भाजपा ग्वालियर के महल की चौखट पर झोली फैलाए खड़ी रहती थी। 

ब्राह्मण विरोध को दी हवा
अटेर विधानसभा में ब्राह्मण वोट काफी संख्या में है। भाजपा का प्रत्याशी भदौरिया है अत: ब्राह्मण वोट स्वभाविक रूप से कांग्रेस के ब्राह्मण प्रत्याशी की ओर जाने की संभावना थी। अत: शिवराज सिंह ने पहले तो गोपाल भार्गव और नरोत्तम मिश्रा को ब्राह्मणों को साधने के लिए भेजा। जब बात नहीं बनी तो उन्होंने बीएसपी के दलित वोट समेटने के लिए ब्राह्मण विरोधी रुख अख्तियार कर लिया। इस कदम से एक बार फिर ब्राह्मण समाज नाराज हो गया। 

अंतिम दिन खुद को नंबर 1 बता दिया
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शिवराज सिंह ने खुद को देश का नंबर 1 मुख्यमंत्री बता दिया। अब यह बवाल कितना उठेगा और कहां तक जाएगा। यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !